

Ahilyadevi Holkar Kisan Karjmukti Yojana 2026: महाराष्ट्र सरकार की 'पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी होलकर किसान ऋणमुक्ति योजना-2026' के अंतर्गत गड़चिरोली जिले के पात्र किसानों की सूची 25 जुलाई 2026 को जारी कर दी गई है । पहले चरण में जिले के 2,539 किसानों को 11 करोड़ 74 लाख 66 हजार रूपयों की ऋणमाफी का लाभमिलेगा । जिला प्रशासन के अनुसार, यह योजना पूरी तरह ऑनलाइन तथा आधार आधारित है । पात्र ऋण खातों की जानकारी बैंकों द्वारा सीधे शासन के पोर्टल पर अपलोड की गई है ।
जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक ने योजना के तहत 2,926 पात्र ऋण खातों का विवरण पोर्टल पर अपलोड किया था । शासन से पात्र लाभार्थियों की सूची प्राप्त होने के बाद इसे जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) कार्यालय, सहायक निबंधक कार्यालय, जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक, प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी संस्थाओं तथा ग्राम स्तर पर सार्वजनिक किया गया है । सूची जारी करने के कार्यक्रम में जिला उपनिबंधक (सहकारी संस्था) मुकुंद मेश्राम, कार्यालय अधीक्षक लोमेश रंधये, गड़चिरोली जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सतीश आयलवार, ऋण विभाग के महाप्रबंधक राजू सोरते, उपमहाप्रबंधक चंद्रशेखर तोटावर, संबंधित संस्थाओं के प्रबंधक तथा ग्रामीण उपस्थित थे ।
जिलाधिकारी अविश्यांत पंडा ने कहा कि पात्र किसानों से अपील की है कि वे सूची में अपना क्रमांक या आधार संख्या लेकर अपने निकटतम 'आपले सरकार सेवा केंद्र' अथवा जिला मध्यवर्ती सहकारी बैंक की शाखा में शीघ्र पहुंचकर बायोमेट्रिक आधार प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी करें, ताकि उन्हें ऋणमुक्ति योजना का लाभ समय पर मिल सके ।
योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र किसानों को अपने ऋण खाते का बायोमेट्रिक अथवा आधार प्रमाणीकरण कराना अनिवार्य है । प्रमाणीकरण पूरा होने के बाद ही संबंधित किसान के खाते में ऋणमाफी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी ।