दिनेश गवाड़े हत्याकांड में बड़ी गिरफ्तारी, NIA ने 2 और नक्सली किए अरेस्ट, सामने आया तेलंगाना कनेक्शन
NIA Action Gadchiroli: महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में दिनेश पुसु गवाड़े हत्याकांड में एनआईए ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी CPI (माओवादी) संगठन से जुड़े हैं।
- Written By: प्रिया जैस
NIA एक्शन (सौजन्य-IANS)
Dinesh Pusu Gawade Murder Case: राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले में हुए दिनेश पुसु गवाड़े हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ये दोनों आरोपी प्रतिबंधित नक्सली संगठन सीपीआई (माओवादी) से जुड़े हुए हैं और लंबे समय से पुलिस को इनकी तलाश थी।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान रघु उर्फ प्रताप उर्फ इरपा उर्फ मुद्धेला उर्फ सैलू के रूप में हुई है, जो तेलंगाना के निजामाबाद जिले का रहने वाला है। दूसरा आरोपी शंकर महाका है, जो महाराष्ट्र के गड़चिरोली जिले का निवासी है। दोनों पर आरोप है कि ये दिनेश पुसु गवाड़े के अपहरण और हत्या की साजिश में शामिल थे।
क्या है पूरा मामला?
गौरतलब है कि नवंबर 2023 में दिनेश पुसु गवाड़े का कथित तौर पर सीपीआई (माओवादी) के सदस्यों ने अपहरण कर लिया था और बाद में उनकी हत्या कर दी गई थी। नक्सलियों को शक था कि दिनेश पुलिस का मुखबिर है और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ा हुआ है। इसी शक के आधार पर उसे निशाना बनाया गया।
सम्बंधित ख़बरें
सुरक्षा बलों की संयुक्त कार्रवाई; गड़चिरोली में नक्सलियों के विस्फोटक और आधुनिक हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद
गड़चिरोली नक्सल मुक्त करके ही मानेंगे, विस्फोटक और हथियारों का जखीरा जब्त, बड़ी साजिश नाकाम
उपजाऊ खेत बचाने गडचिरोली के किसान पहुंचे उपराष्ट्रपति के द्वार, जमीन अधिग्रहण का किया साफ विरोध
गड़चिरोली में चार दिन की बारिश से तबाही, 56 पशुओं की मौत, 512 मकान प्रभावित होने से लोगों ने मांगें मुआवजे
जांच एजेंसियों के अनुसार यह हत्या माओवादी संगठन की उस साजिश का हिस्सा थी, जिसके तहत वे इलाके के ग्रामीणों में डर फैलाना चाहते थे ताकि कोई भी व्यक्ति सुरक्षा बलों को नक्सल गतिविधियों की जानकारी न दे सके।
जांच में जुटी एनआईए
इस मामले की जांच पहले गड़चिरोली पुलिस कर रही थी, लेकिन अक्टूबर 2024 में इसे एनआईए को सौंप दिया गया। एनआईए ने जांच संभालने के बाद अब तक चार अन्य आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है। इनमें दोबा वड्डे, रवि पल्लो, सत्तू महाका और कोमाटी महाका के नाम शामिल हैं। अब दो और आरोपियों की गिरफ्तारी से जांच को और मजबूती मिली है।
यह भी पढ़ें – गड़चिरोली: 24 घंटे में खुला तुमरकोठी पुलिस थाना, 1000 से ज्यादा कमांडो, 21 BDS टीमें, पढ़ें रिपोर्ट
एनआईए का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और एजेंसी इस हत्याकांड के पीछे की पूरी साजिश को उजागर करने में जुटी हुई है। इसके साथ ही बाकी बचे फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है। एजेंसी का उद्देश्य सिर्फ आरोपियों को पकड़ना ही नहीं, बल्कि नक्सली नेटवर्क की पूरी कड़ी को सामने लाना है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
(एजेंसी इनपुट के साथ)
