अहेरी नगर पंचायत दफ्तर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Aheri Nagar Panchayat News: सरकार ने आमजनों के विकास के लिए अनेक प्रकार की कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की है। इन योजनाओं का लाभ पाने लाभार्थी के पास विभिन्न प्रकार के दस्तावेज होना आवश्यक है। इन्हीं में एक विवाह पंजीयन प्रमाणपत्र है।
अब तक यह प्रमाणपत्र पाने के लिए नवदंपति को अहेरी के उपजिला अस्पताल के चक्कर कांटने पड़ते थे। लेकिन अब इसी प्रमाणपत्र के लिए नगर पंचायत प्रशासन ने अपने ही कार्यालय में सुविधा उपलब्ध करायी है। इसके लिए नपं प्रशासन ने विशेष टेबल की व्यवस्था करते हुए लाभार्थियों को राहत देने का कार्य किया है।
अंतरजातीय विवाह करने पर नवदंपति को सरकार द्वारा विशेष अनुदान देय रखा गया है। लेकिन यह अनुदान पाने के लिए पहले लाभार्थी दंपति के पास विवाह पंजीयन का प्रमाणपत्र होना अनिवार्य है। इसके पूर्व अहेरी के उपजिला अस्पताल से इस प्रमाणपत्र का वितरण किया जाता था।
पहले ही अस्पताल में मरीजों की भीड़ और इसमें भी अस्पताल प्रबंधन के पास कर्मचारियों की कमी के चलते यह प्रमाणपत्र पाने लाभार्थियों की यहां भीड़ लगी रहती थी। समय पर किसी भी लाभार्थी को प्रमाणपत्र भी नही मिल पा रहा था।
इसी समस्या को ध्यान में रखते और नागरिकों द्वारा की गई निरंतर मांग को देखते हुए नगर पंचायत प्रशासन ने अब अपने ही कार्यालय में यह प्रमाण पत्र वितरित करने की सुविधा उपलब्ध करायी है। इस सुविधा का लाभ उठाने का आह्वान नपं प्रशासन की ओर से किया गया है।
यह भी पढ़ें:- जिला अस्पताल से उपकेंद्र तक…ठप होंगी स्वास्थ्य सेवाएं, 20 अक्टूबर से ठेकाकर्मियों का आंदोलन
अहेरी तहसील का आधे से अधिक हिस्सा दुर्गम क्षेत्र में बसा है। ऐसे में नवदंपति को विवाह पंजीयन कराने के लिए उपजिला अस्पताल में पहुंचना पड़ता था। लेकिन उपजिला अस्पताल में पहले ही से भीड़ रहने के कारण अनेक लोगों के काम समय पर नहीं हो पा रहे थे। जिसका खामियाजा अनेक बार खाली हाथ वापस लौटना भी पड़ रहा था।
अहेरी तहसील के दुर्गम क्षेत्र के नागरिकों को मानसिक, शारीरिक और वित्तीय रूप से त्रस्त होना पड़ रहा था। लेकिन अब नगर पंचायत कार्यालय में यह सुविधा उपलब्ध होने से अहेरी तहसील के नागरिकों को राहत मिलने की बात कही जा रही है।
नगर पंचायत अहेरी के मुख्याधिकारी गणेश शहाणे ने कहा कि विवाह पंजीयन प्रमाणपत्र के लिए लाभार्थियों से ऑफलाइन तरीके से आवश्यक दस्तावेज मंगवाये जा रहे है। दस्तावेजों की पूर्ति होते ही इन्हें ऑनलाइन किया जाएगा। जिसके बाद ऑनलाइन प्रणाली से ही लाभार्थी को विवाह पंजीयन का प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा।