अहेरी में भीषण आग: शॉर्ट सर्किट से किराना दुकान खाक, 30 लाख का नुकसान; बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
अहेरी के दानशूर चौक में रविवार तड़के शॉर्ट सर्किट से एक किराना दुकान में भीषण आग लग गई। दमकल की देरी और बिजली विभाग की अनुपस्थिति के कारण 30 लाख रुपये का सामान जलकर खाक हो गया।
Gadchiroli News: अहेरी शहर के दानशूर चौक स्थित एक जनरल व किराना दुकान में रविवार, 12 अप्रैल को तड़के करीब 3 बजे भीषण आग लगने की घटना सामने आई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। इस हादसे में दुकान का पूरा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लगभग 30 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह दुकान नंदकिशोर मधुकर समुद्रालवार की है। तड़के दुकान से धुआं निकलता देख आसपास के लोगों ने उन्हें सूचना दी। घर पास में होने के कारण वे तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन बिजली प्रवाह जारी रहने और आग के तेज़ी से फैलने के कारण कोई भी पास जाने की हिम्मत नहीं कर सका।
घटना की सूचना नगर पंचायत के दमकल विभाग को दी गई, परंतु दमकल वाहन को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लग गया। तब तक आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया था। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सारा सामान जल चुका था।
सम्बंधित ख़बरें
गड़चिरोली में स्वास्थ्य क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि, महिला स्वास्थ्य को नई दिशा; एक दिन में 27 सफल सर्जरी
गडचिरोली में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, आरमोरी-वडसा मार्ग पर भीषण हादसा, ट्रक की टक्कर से एक की गई जान
Gadchiroli Accident News: रांगी क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा, बहन को निमंत्रण देने निकले युवक की मौके पर मौत
‘स्टील हब’ परियोजनाओं के खिलाफ किसानों का मोर्चा, उपजाऊ जमीन बचाने आंदोलन तेज
सुबह करीब 8 बजे पटवारी ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा किया। प्राथमिक आकलन के अनुसार 30 लाख रुपये का नुकसान दर्ज किया गया है।
बिजली विभाग पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद बिजली वितरण विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठे हैं। आग लगने के बाद बिजली आपूर्ति बंद कराने के लिए कई बार संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया। स्थानीय नागरिकों को स्वयं 33 केवी सब स्टेशन जाना पड़ा, जहां भी कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था।
इस लापरवाही को लेकर नागरिकों में रोष व्याप्त है और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।
