

Highlights:
गड़चिरोली की आरमोरी तहसील के चामोर्शी माल परिसर में तेंदुए ने बालूजी लाकड़े की बकरी पर हमला कर उसे मार डाला।
इससे चार दिन पहले इसी परिसर में तेंदुए ने गोशाला में बंधे गाय के बछड़े को मार डाला था।
लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है। पशुओं को चराई के लिए ले जाना भी जोखिम भरा हो गया है।
Leopard Kills Goat In Gadchiroli: गड़चिरोली जिले के आरमोरी तहसील के चामोर्शी माल परिसर में तेंदुए के हमले का सत्र जारी है, जिससे पशुधन केसुरक्षा का प्रश्न निर्माण हुआ है शनिवार को दोपहर के दौरान तेंदुए ने हमला कर एक बकरी को मौत के घाट उतारा। इस घटना के चलते परिसर के पशुपालकों में दहशत का वातावरण निर्माण हुआ है। चामोर्शी माल निवासी बालूजी लाकड़े की बकरी चराई के लिए ले जाई गई थी।
इसी दौरान घात लगाकर बैठे तेंदुए ने अचानक बकरी पर हमला कर दिया। इस हमले में बकरी की मौत हो गई, जिससे लाकड़े को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा। विशेष बात यह है कि महज 4 दिन पहले इसी परिसर में तेंदुए ने गोशाला में बंधे गाय के बछड़े पर हमला कर उसे मार डाला था। इसके बाद अब फिर बकरी का शिकार किए जाने से क्षेत्र में तेंदुए की सक्रियता बढ़ने की आशंका व्यक्त की जा रही है।
लगातार हो रही घटनाओं से नागरिकों में चिंता बढ़ गई है। तेंदुए के बार-बार होने वाले हमलों से किसान और पशुपालक भयभीत हैं। पशुओं को चराई के लिए ले जाना और खेतों में काम करना भी अब जोखिम भरा बन गया है। ग्रामीणों को अपने पशुधन की सुरक्षा को लेकर चिंता सता रही है।
नागरिकों ने वन विभाग से इन घटनाओं का तत्काल संज्ञान लेने, क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने तथा पशुधन की सुरक्षा के लिए आवश्यक उपाय करने की मांग की है। साथ ही नुकसानग्रस्त पशुपालकों को तत्काल सरकारी मुआवजा देने की मांग भी की जा रही है। तेंदुए के बढ़ते हमलों से पशुधन खतरे में आ गया है। ऐसे में वन विभाग किसी बड़ी दुर्घटना से पहले ठोस कदम उठाए, ऐसी अपेक्षा क्षेत्र के नागरिकों द्वारा व्यक्त की जा रही है।