

Highlights:
गड़चिरोली पुलिस ने गट्टा (फु.) पुलिस सहायता केंद्र क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की।
पुलिस ने 240.580 किलोग्राम गांजा जब्त किया, जिसकी कीमत 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपए बताई गई है।
गांजा तस्करी के मामले में कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
Gadchiroli Police Action: गड़चिरोली जिले में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक एम. रमेश ने पुलिस अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं। इसी के तहत मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी अभियान के अंतर्गत शनिवार को उपविभाग पेंढरी (कैंप कारवाफा) के अंतर्गत आनेवाले गट्टा (फु.) पुलिस सहायता केंद्र के क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 20 लाख रूपये कीमत का 240. 580 किलो ग्राम गांजा जब्त किया है।
वहीं इस मामले में ৪ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक एम. रमेश, अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) कार्तिक मधिरा तथा अपर पुलिस अधीक्षक गोकुल राज जी. के मार्गदर्शन में स्थानीय अपराध शाखा के पुलिस निरीक्षक अरुण फेगडे के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक कपिल आगलावे एवं उनकी टीम तथा पुलिस सहायता केंद्र के प्रभारी अधिकारी पुलिस उपनिरीक्षक दयानंद भोंबे और पुलिस कर्मचारियों ने इस संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया।
नाकाबंदी के दौरान हुआ खुलासा प्राप्त जानकारी के अनुस्वार, 31 अक्टूबर को पुलिस सहायता केंद्र गट्टा (फु.) के अधिकारी एवं कर्मचारी क्षेत्र में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान सफेद रंग की - स्कॉर्पियो क्रमांक सी. जी. 26 के 2149 को रोककर तलाशी ली गई। वाहन में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
उनकी पहचान छग के सुकमा जिला अंतर्गत आने वाले पोंदी निवासी अनिशकुमार, सुकमा निवासी हिमांशु नायक और सुकमा के बगीचापारा निवासी परमब परिमलदास रूप में हुई, पुलिस की पूछताछ में इन व्यक्तियों ने कथित तौर पर मादक पदार्थों की अवैध ढुलाई के लिए पायलटिंग करने की बात स्वीकार की।
साथ ही उन्होंने बताया कि, उनके तीन अन्य साथी पिकअप वाहन से गांजा लेकर आ रहे हैं। इनमें शंकर कोसा माडवी, भूपेश धनसुराम कोमरे, सुनील रामनाथ मंडावी है। इसके अलावा नीले रंग के चारपहिया वाहन में मादक पदार्थ खरीदने के लिए दो अन्य व्यक्ति बीड़ जिले के पारोडी-बारोडी निवासी अमोल बलिराम दोरगे और विशाल गोवर्धन दोरगे, कुछ दूरी पर रुके हुए थे।
पुलिस सहायता केंद्र गट्टा (फु.) और स्थानीय अपराध शाखा की संयुक्त टीम ने बताए गए वाहनों एवं आठों संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 12 बोरियों में रखा कुल 240.580 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया। इस मामले में रविवार को पुलिस सहायता केंद्र पेंढरी में अपराध दर्ज किया
पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर तीन दिनों की पुलिस हिरासत प्राप्त की है। मामले की आगे की जांच स्थानीय अपराध शाखा के सहायक पुलिस निरीक्षक कपिल आगलावे कर रहे हैं।
240.580 किलोग्राम मादक पदार्थ कीमत 1 करोड़ 20 लाख 29 हजार रुपए
पुरानी चारपहिया कार क्रमांक सीजी 04 एमजी-0730 कीमत 7 लाख रुपए
पिकअप वाहन क्रमांक सीजी-26 ई 5475 कीमत 8 लाख रुपए
स्कॉर्पियो वाहन क्रमांक सीजी 26 के 2149 कीमत 10 लाख रुपए
8 पुराने मोबाइल फोन कीमत 81 हजार रुपए
इस प्रकार पुलिस ने कुल 1 करोड़ 46 लाख 10 हजार रुपए का माल जब्त किया है।