कल्याण-बदलापुर रूट पर जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक एसी बसें, मनपा ने अपने बेड़े में शामिल किए 10 नए वाहन
इस सेवा के तहत पहली बस कल्याण स्टेशन से सुबह 6 बजे और आखिरी बस रात 11 बजे बदलापुर स्टेशन से कल्याण के लिए रवाना होगी। परिवहन विभाग इस रूट पर हर 15 मिनट पर यह सेवा जारी रखने का प्रयास कर रहा है।
- Written By: रीना पंवार
कल्याण-बदलापुर रूट पर जल्द दौड़ेंगी इलेक्ट्रिक एसी बसें
उल्हासनगर : उल्हासनगर मनपा का परिवहन विभाग आम नागरिकों को सस्ती व अच्छी परिवहन सेवा देने के लक्ष्य पर कार्य कर रहा है। इस क्रम में मनपा परिवहन विभाग ने नागरिकों की सुविधा के लिए अपने बेड़े में 10 नई इलेक्ट्रिक वातानुकूलित बसें शामिल की हैं। पिछले 2 दिनों से इनमें से 5 एसी बसें ट्रायल के रूप में सड़को पर दौड़ने लगी हैं और यहां के लोग इनका लाभ भी लेने लगे हैं। उल्हासनगर मनपा के पास एसी व नॉन एसी मिलाकर कुल 20 बसें हैं।
ट्रायल पूरा होते ही कल्याण- बदलापुर मार्ग पर ये बसें जल्द ही दौड़ने लग जाएंगी। इससे कल्याण, बदलापुर, उल्हासनगर व अंबरनाथ के लोगों को फायदा होगा। गुरुवार को मनपा के परिवहन विभाग ने राज्य राजमार्ग पर इन वातानुकूलित बसों का परीक्षण शुरू किया, जिसके बाद अगले सप्ताह से यात्रियों के लिए यह कम लागत वाली परिवहन सेवा शुरू कर दी जाएगी।
सेवा शुरू होने को लेकर लोगों में उत्साह
अंबरनाथ, बदलापुर और उल्हासनगर के हजारों यात्री इस परिवहन सेवा का लाभ उठाकर सुखद यात्रा का आनंद ले सकते हैं। उल्हासनगर मनपा ने पिछले साल से शहर में दोबारा परिवहन सेवा शुरू की है। पहले चरण में पिछले साल शहर में 10 छोटे आकार की बसों की सेवा शुरू की गई, जिसे लेकर नागरिकों ने अच्छा रिस्पॉन्स दिया है। इसलिए अब उल्हासनगर मनपा द्वारा कल्याण, बदलापुर राज्य राजमार्ग से दूसरे चरण में कल्याण रेलवे स्टेशन से बदलापुर रेलवे स्टेशन तक यह सेवा शुरू की जा रही है।
सम्बंधित ख़बरें
Maharashtra ST EV Bus: एसटी की ईवी बस परियोजना पर बढ़ा विवाद, तय समय में नहीं मिली 1,288 बसें
18 साल बाद बरी हुए राज ठाकरे, रेलवे भर्ती आंदोलन, जानें कोर्ट ने फैसले में क्या कहा?
ठाणे के गामदेवी मार्केट में भीषण अग्निकांड: जिंदा जले दमकलकर्मी और गार्ड, कई दुकानें खाक, देखें खौफनाक Video
ठाणे में शिवसेना-भाजपा टकराव तेज: उपमहापौर कृष्णा पाटिल की खुली चुनौती, कहा- इस्तीफा देकर फिर लड़ें चुनाव
रोजाना आने-जाने वालों को मिलेगी राहत
मनपा परिवहन विभाग के इंचार्ज विनोद केणे ने ‘ नवभारत ‘ को बताया कि मनपा आयुक्त विकास ढाकने के मार्गदर्शक में परिवहन विभाग ने कल्याण से बदलापुर मार्ग पर बस सेवा का परीक्षण किया। एक बस एक दिन में कितनी यात्राएं करती हैं और एक राउंड ट्रिप में कितना समय लगता है, इसका अध्ययन किया जा रहा है। एक सप्ताह तक फेरी का परीक्षण करने के बाद इस रूट पर पहली एसी परिवहन सेवा शुरू की जाएगी। इस सेवा से गर्मी और बरसात के मौसम में यात्रा करने वाले विद्यार्थियों एवं कर्मचारियों को काफी लाभ होगा तथा रिक्शा चालकों द्वारा यात्रियों से की जाने वाली लूट भी रुकेगी।
महाराष्ट्र की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
रूट पर हर 15 मिनट में चलेगी बस
एक अनुमान के मुताबिक प्रतिदिन 10 हजार यात्री इस रूट पर इस परिवहन सेवा का लाभ उठा सकेंगे। इस सेवा के तहत पहली बस कल्याण स्टेशन से सुबह 6 बजे और आखिरी बस रात 11 बजे बदलापुर स्टेशन से कल्याण के लिए रवाना होगी। परिवहन विभाग इस रूट पर हर 15 मिनट पर यह सेवा जारी रखने का प्रयास कर रहा है। साथ ही 45 सीटों की क्षमता वाली इस बस का न्यूनतम चार्ज 5 और अधिकतम 30 रुपए होगा।
