

Dhule Financial Fraud Maharashtra: धुले सस्ते सोने का लालच दिखाकर 5 लाख रुपये की ठगी का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपियों ने पहले असली सोना दिखाकर भरोसा जीता और फिर मौके पर पीतल के महने थमाकर फरार हो गए।
घटना लामकाणी क्षेत्र की है, जहां इस चालाकी भरे खेल से देवपूर निवासी एक व्यक्ति को बड़ा झटका लगा है। पुलिस के अनुसार, बलवाडी शिवार (देवपूर) निवासी कृष्णा खुशाल वाघ (58) की पहचान लामकाणी के आरोपी दंपती- सारिका उर्फ आकेशना पवार और आकेश कामसिंग पवार से हुई थी।
आरोपियों ने पैसों की जरूरत बताकर वाघ को सस्ते में सोना बेचने का लालच दिया। भरोसा कायम करने के लिए महिला ने शुरुआत में कुछ सोना जांच के लिए दिया।
जब वाघ ने सोनार से उसकी जांच करवाई तो वह पूरी तरह असली निकला, यहीं से ठगी की पटकथा तैयार हो गई। भरोसे में आए वाघ ने 24 फरवरी को शाम करीब 4 बजे लामकाणी बस स्टैंड के पास आरोपियों को 5 लाख रुपये नकद दे दिए, बदले में उन्हें 'सोने' के गहने दिए गए, लेकिन कुछ ही देर बाद शक होने पर जब उन्होंने दोबारा जांच करवाई, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई, गहने सोने के नहीं, बल्कि पीतल के निकले।
ठगी का एहसास होते ही वाघ ने सोनगीर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी दंपती के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318 (1) और 318 (4) के तहत केस दर्ज किया है।
मामले की जांच पुलिस अधिकारी प्रशांत ताकाटे कर रहे हैं। पुलिस ने नागरिकों को चेतावनी दी है कि सस्ते सोने या जल्दी मुनाफे के लालच में आने से पहले सतर्क रहें और किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बड़े नकद लेन-देन से बचें।