धाराशिव में दो गुटों में खूनी झड़प और पथराव, तनाव के बाद छावनी में तब्दील हुआ इलाका, SP रितु खोखर की ये अपील

Dharashiv Stone Pelting: धाराशिव में दो लोगों का व्यक्तिगत विवाद दो गुटों के संघर्ष में बदल गया। पथराव और मारपीट के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर स्थिति संभाली। SP रितु खोखर ने शांति बनाए रखने की अपील की।
stone pelting between two groups in Dharashiv police lathi charge
धाराशिव में दो गुटों में झटप के बाद इलाके में पुलिस बल तैनात (फोटो नवभारत)
Updated on

Dharashiv Clash Between Two Groups: महाराष्ट्र के धाराशिव शहर में दो व्यक्तियों के बीच शुरू हुआ एक मामूली विवाद देखते ही देखते दो गुटों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया। घटना के दौरान जमकर मारपीट हुई और असामाजिक तत्वों द्वारा पथराव भी किया गया, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि, सूचना मिलते ही धाराशिव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में ले लिया। तनाव के कारण पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

मामूली कहासुनी बनी बवाल की वजह

धाराशिव पुलिस अधीक्षक (SP) रितु खोखर अनुसार, शहर के एक इलाके में दो लोगों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। देखते ही देखते इस विवाद में दोनों ओर से अन्य लोग भी शामिल हो गए और इसने दो गुटों के संघर्ष का रूप ले लिया। उपद्रवियों ने एक-दूसरे पर पथराव करना शुरू कर दिया, जिससे दुकानों के शटर गिर गए और राहगीरों में डर का माहौल पैदा हो गया।

मौके पर भारी पुलिस बल तैनात, हल्का लाठीचार्ज

घटना की संवेदनशीलता और बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन तुरंत हरकत में आया। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) रितु खोखर स्वयं वरिष्ठ अधिकारियों और भारी पुलिस बल के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। उपद्रवियों और हिंसक भीड़ को तितर-बितर करने तथा कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए पुलिस को हल्का लाठीचार्ज भी करना पड़ा। पुलिस की त्वरित और सख्त कार्रवाई के कारण हिंसा और आगे नहीं फैल सकी।

पुलिस अधीक्षक रितु खोखर की नागरिकों से अपील

स्थिति पर काबू पाने के बाद धाराशिव जिला पुलिस अधीक्षक रितु खोखर ने मीडिया से बात करते हुए शहरवासियों को आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि धाराशिव शहर में अब स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और शांति बहाल कर दी गई है। किसी भी अप्रिय घटना को बढ़ने नहीं दिया गया है।

SP रितु खोखर ने आम नागरिकों से खास अपील करते हुए कहा कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से फैलने वाली किसी भी तरह की अफवाहों और भ्रामक जानकारियों पर विश्वास न करें। उन्होंने चेतावनी दी कि अफवाह फैलाने वालों और शांति भंग करने की कोशिश करने वाले असमाजिक तत्वों के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी। इसके साथ ही उन्होंने शहर में शांति और सौहार्द बनाए रखने के लिए जनता से पुलिस का सहयोग करने का अनुरोध किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com