कौन हैं रिया अहीर? मुंबई पुलिस की वैन के सामने डटकर खड़ी रहीं मॉडल, छात्रों की रिहाई के बाद इंटरनेट पर छाईं

Rhiya Ahir Viral Video: मॉडल रिया अहीर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। वीडियो में वह पुलिस वैन के सामने खड़ी होकर हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को छोड़ने की मांग करती नजर आती हैं।
Rhiya Ahir On Mumbai Student Protest Police Van Model Viral Video
रिया अहीर (फोटो सोर्स-सोशल मीडिया)
Updated on

Rhiya Ahir On Mumbai Student Protest: दिल्ली के जंतर-मंतर के बाद अब मुंबई में भी छात्रों के विरोध-प्रदर्शन की गूंज सुनाई दे रही है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक युवती पुलिस की वैन के सामने निडरता से खड़ी नजर आती है। वीडियो में दावा किया जा रहा है कि उसने हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को छोड़े जाने तक पुलिस की गाड़ी आगे नहीं बढ़ने दी। इस घटना के बाद लोग जानना चाह रहे हैं कि आखिर यह युवती कौन है।

रिया अहीर मनोरंजन जगत के साथ-साथ फैशन इंडस्ट्री में भी सक्रिय हैं। वह मॉडलिंग और एक्टिंग के अलावा अपना क्लोदिंग ब्रांड ‘रियासत’ भी चलाती हैं, जहां हैंडमेड कपड़ों पर काम किया जाता है। रिया को डांस का भी शौक है और वह कई म्यूजिक वीडियो में नजर आ चुकी हैं। उनका हालिया म्यूजिक वीडियो ‘दिलबरा’ फरवरी 2025 में रिलीज हुआ था। सोशल मीडिया पर भी रिया सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर खुलकर अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं।

पुलिस वैन के सामने खड़े होकर जताया विरोध

रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई के शिवाजी पार्क इलाके में छात्र प्रदर्शन के दौरान पुलिस कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन में बैठा रही थी। इसी दौरान रिया वहां पहुंचीं और पुलिस वैन के सामने खड़ी हो गईं। बताया जाता है कि पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की और आश्वासन दिया कि प्रदर्शनकारियों को आगे जाकर छोड़ दिया जाएगा। हालांकि, रिया ने मौके पर ही प्रदर्शनकारियों को छोड़ने की मांग की। पुलिस और रिया के बीच कुछ देर तक बहस भी हुई।

छात्रों के समर्थन में कही ये बात

मीडिया से बातचीत में रिया अहीर ने कहा कि वह किसी विशेष राजनीतिक या सामाजिक पहचान के आधार पर नहीं, बल्कि इंसानियत के नाते छात्रों के समर्थन में खड़ी हुईं। उनका कहना था कि यदि किसी के साथ अन्याय होता है, तो उसके खिलाफ आवाज उठाना हर नागरिक की जिम्मेदारी है। रिया ने यह भी कहा कि उन्हें अपनी संस्कृति और समाज पर गर्व है और उनका मानना है कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने वाले लोगों की बात सुनी जानी चाहिए।

Navbharat Live
navbharatlive.com