नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भारत टैक्सी सेवा शुरू: CM फडणवीस ने दिखाई हरी झंडी, चालकों को मिले शेयर

Bharat Taxi Service At Navi Mumbai Airport: मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर ‘भारत टैक्सी’ सेवा का शुभारंभ किया। इससे चालकों को मालिकाना हक मिलेगा।
Bharat Taxi Service Launched At Navi Mumbai International Airport by devendra fadnavis
नवी मुंबई एयरपोर्ट पर भारत टैक्सी सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ करते मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: एक्स@CMOMaharashtra)
Updated on

Bharat Taxi Service Launched At Navi Mumbai International Airport: महाराष्ट्र के बुनियादी ढांचे और परिवहन के क्षेत्र में आज एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया है। नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बहुप्रतीक्षित 'भारत टैक्सी' (Bharat Taxi) सेवा का शुभारंभ किया गया। राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस अत्याधुनिक और सहकारिता मॉडल पर आधारित ऐप-बेस्ड टैक्सी सेवा को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया।

सीएम फडणवीस ने दिखाई हरी झंडी

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारत टैक्सी सेवा का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इस भव्य कार्यक्रम में कई वरिष्ठ नेता और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, राज्य के मंत्री बाबासाहेब पाटिल, विधायक मंदा म्हात्रे, विधायक महेश बालदी और विधायक प्रशांत ठाकुर सहित कई अन्य उपस्थित थे।

कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के परिसर में स्थापित महाराष्ट्र के आराध्य देव छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि दी।

भारत टैक्सी के शुभारंभ पर क्या बोले सीए फडणवीस

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि भारत टैक्सी सेवा की शुरुआत सहकारी क्षेत्र को एक नई दिशा और नई ऊर्जा देती है। भारत टैक्सी सेवा रोजगार के नए अवसर पैदा कर रही है और यात्रियों को यात्रा का ज्यादा सुरक्षित, सुविधाजनक और भरोसेमंद अनुभव देगी।

चालक बने व्यवसाय के मालिक, सारथियों को मिले शेयर प्रमाण पत्र

इस कार्यक्रम का सबसे प्रमुख आकर्षण चालकों को मालिकाना हक देना रहा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सांकेतिक रूप से 'भारत टैक्सी' के चालकों (जिन्हें 'सारथी' कहा गया है) को शेयर प्रमाण पत्र का वितरण किया। इसका अर्थ यह है कि इस सेवा में गाड़ी चलाने वाले सारथी केवल कर्मचारी नहीं, बल्कि कंपनी में हिस्सेदार भी होंगे।

शेयर प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले प्रमुख सारथी

  • सचिन सालुंखे
  • सीमा संतोष देवगिरीकर
  • संतोष सिंह
  • अनंत पावसकर
  • हितेश दांड

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भारत टैक्सी चालकों को प्रतीकात्मक संकेत के रूप में किट वितरित कीं। इस सेवा की शुरुआत करने वाले ड्राइवरों में अक्षय केनी, सूरज नाइक, तुषार पाटिल, मिलिंद पाटिल, सिद्धार्थ कर्वे, सुदर्शन म्हात्रे, रोहिदास गायकवाड़ और प्रदीप म्हात्रे शामिल हैं।

क्या है भारत टैक्सी?

भारत टैक्सी देश की पहली ड्राइवर-स्वामित्व वाली सरकारी सहकारिता कैब सेवा है। इसमें राइड्स पर कोई कमीशन नहीं कटता और कोई सर्ज प्राइसिंग नहीं होती। इससे निजी कंपनियों (Ola/Uber) की तुलना में 10-15% सस्ती यात्रा मिलती है।

भारत टैक्सी सहकार-आधारित राइड-हेलिंग प्लेटफॉर्म है जिसे सहकार टैक्सी कोऑपरेटिव लिमिटेड द्वारा सहकारी मॉडल के तहत एक पारदर्शी, चालक-स्वामित्व वाली मोबिलिटी सेवा प्रदान करने के लिए प्रचलित किया जा रहा है। इस प्लेटफॉर्म में सारथी (चालक) एप्लिकेशन, यात्री एप्लिकेशन और बैकएंड मैनेजमेंट सिस्टम शामिल हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com