अण्णाभाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र की मंजूरी के लिए 5 करोड़ की रिश्वत, मंत्री शिरसाट पर संजय राउत का गंभीर आरोप

Sanjay Raut On Sanjay Shirsat: शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने मंत्री संजय शिरसाट पर 25 करोड़ के अण्णाभाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र की मंजूरी के बदले 5 करोड़ रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है।
Sanjay Raut On Sanjay Shirsat
संजय राउतसोर्स: सोशल मीडिया
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • संजय राउत ने मंत्री संजय शिरसाट पर 5 करोड़ की रिश्वत मांगने का आरोप लगाया

  • अण्णाभाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र की मंजूरी के बदले रिश्वत का आरोप

  • संजय शिरसाट ने संजय राउत को सबूत पेश करने की चुनौती दी

Sanjay Raut Allegation On Sanjay Shirsat of Bribery: महाराष्ट्र की राजनीति में भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत ने सामाजिक न्याय मंत्री संजय शिरसाट पर पांच करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने का गंभीर आरोप लगाया है। मामला लातूर जिले के उदगीर में साहित्यरत्न अण्णाभाऊ साठे के नाम पर प्रस्तावित प्रशिक्षण केंद्र से जुड़ा है।

संजय राउत का दावा है कि 25 करोड़ रुपये की परियोजना को मंजूरी देने के बदले मंत्री संजय शिरसाट ने 20 प्रतिशत कमीशन यानी पांच करोड़ रुपये की मांग की। दूसरी ओर, शिरसाट ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए आरोप लगाने वालों को सबूत पेश करने की चुनौती दी है।

6 अक्टूबर 2025 को दिया था प्रस्ताव

इस पूरे मामले के केंद्र में लातूर के सामाजिक कार्यकर्ता नरसिंग उरगीरकर हैं। उन्होंने अपनी आरती सेवाभावी संस्था के माध्यम से उदगीर में साहित्यरत्न अण्णाभाऊ साठे प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की योजना तैयार की थी। इसके लिए 6 अक्टूबर 2025 को सामाजिक न्याय मंत्रालय में 25 करोड़ रुपये का विस्तृत प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था। इस केंद्र के माध्यम से मातंग समाज और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रशिक्षण तथा शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की योजना थी।

उरगीरकर के अनुसार, प्रस्ताव के साथ सभी आवश्यक दस्तावेज जमा किए गए थे। इसके बावजूद लंबे समय तक मंजूरी नहीं मिली। इस दौरान वे लगातार मंत्रालय के चक्कर लगाते रहे। कथित तौर पर मंत्री के एक विशेष कार्य अधिकारी सिद्धार्थ भंडारे ने उन्हें बताया कि प्रस्ताव पर आगे की कार्रवाई के लिए मंत्री से मुलाकात करनी होगी।

रात 11.30 बजे नाथानी हाइट्स में मुलाकात

नरसिंग उरगीरकर ने आरोप लगाया कि प्रस्ताव प्रस्तुत करने के करीब एक महीने बाद उन्हें मुंबई स्थित नाथानी हाइट्स इमारत में मंत्री के निजी आवास पर बुलाया गया। यह मुलाकात रात करीब 11.30 बजे हुई थी। उनके अनुसार, बैठक में प्रस्ताव के बारे में जानकारी लेने के बाद कथित रूप से 20 प्रतिशत रकम देने की मांग की गई। उन्हें बताया गया कि पांच करोड़ रुपये दिए बिना प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिलेगी।

उरगीरकर का कहना है कि उन्होंने इतनी बड़ी रकम देने में असमर्थता जताई। उन्होंने बताया कि यह परियोजना सामाजिक और शैक्षणिक उद्देश्य से तैयार की गई है। इसके बाद भी प्रस्ताव को मंजूरी नहीं मिलने का दावा किया गया है।

Sanjay Raut On Sanjay Shirsat
मैं 2014 से मंत्री बन रही हूं! एनडीए में जाने और मुख्यमंत्री पद की अटकलों पर भड़कीं सुप्रिया सुले

भ्रष्टाचार निरोधक विभाग तक पहुंचा मामला

उरगीरकर ने कथित रिश्वत मांगने के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक विभाग के अधिकारियों से संपर्क किया था। उन्होंने शिकायत देकर कार्रवाई करने और रिश्वत मांगने वालों के खिलाफ जाल बिछाने की मांग की थी। उनका आरोप है कि शिकायत के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी दावा किया कि शिकायत की जानकारी संबंधित पक्ष तक पहुंच गई थी। इस मुद्दे को लेकर राउत ने भ्रष्टाचार निरोधक विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए।

संजय राउत ने मांगा मंत्री शिरसाट का इस्तीफा

संजय राउत ने पत्रकार परिषद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को निशाने पर लिया। उन्होंने सवाल किया कि अण्णाभाऊ साठे जैसे महापुरुष के नाम पर बनने वाले प्रशिक्षण केंद्र के लिए पांच करोड़ रुपये की कथित रिश्वत मांगना किस तरह का सामाजिक उत्थान है। राउत ने दावा किया कि उनके पास संजय शिरसाट से जुड़े ऐसे 27 मामलों की जानकारी है। उन्होंने इन मामलों की जांच कराने और मंत्री का इस्तीफा लेने की मांग की।

Sanjay Raut On Sanjay Shirsat
फीनिक्स मॉल कपल मारपीट विवाद: किरीट सोमैया के आरोपों पर घाटकोपर मदरसे का पहला बयान, कोर्ट जाने की दी चेतावनी

शिरसाट बोले- आरोप साबित करें, कानूनी कार्रवाई करूंगा

वहीं, संजय शिरसाट ने पत्रकार परिषद लेकर सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया। उन्होंने नरसिंग उरगीरकर की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए और कहा कि यदि किसी के पास प्रमाण हैं तो उन्हें सामने लाया जाए। शिरसाट ने यह भी स्पष्ट किया कि दस करोड़ रुपये से अधिक के प्रस्ताव को मंजूरी देने का अधिकार मंत्री के पास नहीं है। ऐसे प्रस्ताव मुख्यमंत्री स्तर पर स्वीकृति के लिए भेजे जाते हैं। उन्होंने आरोपों को सरकार की छवि खराब करने का प्रयास बताते हुए कानूनी कार्रवाई की चेतावनी भी दी।

अब इस पूरे मामले में आरोपों की निष्पक्ष जांच और संबंधित पक्षों के दावों की पुष्टि महत्वपूर्ण होगी। पांच करोड़ रुपये की कथित रिश्वत का यह विवाद राज्य सरकार के लिए राजनीतिक और प्रशासनिक स्तर पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।