

संजय शिरसाट का दावा- 2022 की बगावत में लौटे विधायक की हत्या हो सकती थी।
कैलाश पाटिल ने खुद को सूरत से लौटने वाला विधायक बताते हुए जांच की मांग की।
उद्धव गुट ने शिंदे गुट पर सत्ता के लिए किसी भी हद तक जाने का आरोप लगाया।
Sanjay Shirsat MLA Murder Claim: वर्ष 2022 में तत्कालीन सीएम उद्धव ठाकरे के खिलाफ एकनाथ शिंदे की अगुवाई में हुई बगावत को लेकर अब कैबिनेट मंत्री संजय शिरसाट ने सनसनीखेज खुलासा किया है।
उन्होंने एक पॉडकास्ट इंटरव्यू में कहा कि बगावत के दौरान सूरत बॉर्डर से वापस लौटे एक विधायक का 'राम नाम सत्य' (मर्डर) हो सकता था। उनके इस बयान के बाद अब इस पुराने मामले ने तूल पकड़ लिया है।
विपक्ष के नेता इस पूरे मामले की जांच की मांग कर रहे हैं। शिरसाट ने जून 2022 की बगावत की घटना को याद करते हुए बताया कि जब एकनाथ शिंदे की अगुवाई में विधायकों का दल सूरत जा रहा था, तब रास्ते में एक विधायक काफी घबराया हुआ था और गाड़ी से उतरना चाहता था। सूरत बॉर्डर से लौट रहे उस। विधायक का उस समय मर्डर हो सकता था लेकिन कुछ लोगों ने समय रहते स्थिति को संभाल लिया। मंत्री शिरसाट ने कहा कि
संजय शिरसाट के बयान पर उद्धव गुट के विधायक कैलाश पाटिल ने कहा कि सूरत बॉर्डर से वापस लौटने वाला अकेला विधायक मैं ही था। विधायक नितिन देशमुख भी वापस लौटे थे, लेकिन वे दूसरी जगह से लौटे थे, अगर किसी की जान को खतरा था तो शिरसाट बताएं कि किसका 'राम नाम सत्य' होने वाला था।
पाटिल ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस पूरे मामले की जांच कराने की मांग भी की है। पाटिल ने कहा कि उन्हें अंदाजा था कि उनके साथ कुछ भी हो सकता है, लेकिन उन्होंने पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा और अंतरात्मा की आवाज को महत्व दिया और वापस लौटने का फैसला किया। आज आम जनता और मां तुलजा भवानी के आशीर्वाद से वे सुरक्षित हैं। शिरसाट सरकार में मंत्री हैं और पार्टी के प्रवक्ता भी है। ऐसे में उनके बयान को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
पाटिल ने बताया कि शिरसाट के बयान से यह पता चलता है कि शिंदे गुट महाराष्ट्र की सत्ता हासिल करने के लिए किस हद तक जा सकता था। एकनाथ शिंदे के मंत्री खुलेआम इस तरह के बयान देकर अपना खौफ दिखाना चाहते हैं।
उस्मानाबाद (धाराशिव) से विधायक रहे पाटिल ने 2024 में शिवसेना-यूबीटी के टिकट पर चुनाव लड़ते हुए अपनी सीट बरकरार रखी। शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना में 2022 में हुई बगावत से महाराष्ट्र में उद्धव के नेतृत्व वाली तत्कालीन महा विकास आघाड़ी सरकार गिर गई थी। इसके बाद शिंदे भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बने थे।