

Mahawalkathon Soil Water Conservation Campaign: छत्रपति संभाजीनगर में मिट्टी और पानी के संरक्षण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को शहर में आयोजित महावॉकेथॉन में हजारों नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
क्रांति चौक से महात्मा फुले प्रतिमा तक निकाली गई इस जन जागरूकता पदयात्रा ने शहरवासियों का ध्यान आकर्षित किया। नागरिकों ने कदम से कदम मिलाकर जल और मृदा संरक्षण का संकल्प लिया।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय सुधाकरराव नाईक की जयंती के अवसर पर मनाए जाने वाले जल संरक्षण दिवस के तहत राज्य के मृदा एवं जल संरक्षण विभाग की ओर से 15 अगस्त से जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत ‘महावॉकेथॉन-जल के लिए कदम’ का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से मिट्टी और पानी के संरक्षण का महत्व आम नागरिकों तक पहुंचाया जा रहा है।
कार्यक्रम की शुरुआत क्रांति चौक पर मृदा एवं जल संरक्षण की शपथ के साथ हुई। इसके बाद पदयात्रा पैठण गेट, तिलकपथ मार्ग, पुलिस चौकी और गुलमंडी होते हुए महात्मा फुले प्रतिमा तक पहुंची। वहां से यात्रा जिला परिषद मैदान पहुंची, जहां इसका समापन हुआ।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री सुधाकरराव नाईक की प्रतिमा का पूजन किया गया और उपस्थित नागरिकों को जल तथा मृदा संरक्षण की शपथ दिलाई गई।
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य सुहास शिरसाट, जिला परिषद उपाध्यक्ष जितेंद्र जयस्वाल, समाज कल्याण सभापति बालाजी सोनटक्के, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी मिन्नू पी.एम., मनपा आयुक्त अमोल येडगे, वाल्मी के महानिदेशक सुनील कुशिरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में महिला-पुरुष, खेलप्रेमी और नागरिक भी पदयात्रा में शामिल हुए।
महावॉकेथॉन के विजेताओं का चयन लॉटरी के माध्यम से किया गया। नंदिनी अशोक सालवे, मोहन कारभारी आखाड़े, सचिन सुभाष जाधव, निखिल तुलशीराम पठाडे, संदीप भरत गिरी, समृद्धि रमेश बागुल और अनिता सुरेश खेलकर विजेता रहे। सभी विजेताओं को सुहास शिरसाट और अन्य अतिथियों के हाथों पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के माध्यम से नागरिकों से जलस्रोतों, मिट्टी और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया गया।