

Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation: छत्रपति संभाजीनगर शहर में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ महानगरपालिका ने कार्रवाई तेज कर दी है। हर्सूल क्षेत्र में मनपा के अतिक्रमण विभाग ने दो अनधिकृत ले-आउट पर कार्रवाई करते हुए करीब 750 प्लॉटों के सीमांकन को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया।
इसके अलावा मौके पर बनाए गए चार अवैध निर्माण भी गिराए गए। आयुक्त अमोल येडगे के निर्देश पर अतिक्रमण विभाग के सनियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले के मार्गदर्शन की गई इस कार्रवाई से बिना अनुमति ले-आउट विकसित कर प्लॉट बेचने वालों में हड़कंप मच गया है।
संतोष वाहुले ने बताया की हर्सूल स्थित गट क्रमांक 15 में बिना अनुमति ले-आउट विकसित किए जाने की जानकारी मनपा अधिकारियों को मिली थी। उसके अनुसार, जाकेर पठान द्वारा विकसित किए गए इस अनधिकृत ले-आउट पर कार्रवाई करते हुए 350 प्लॉटों का सीमांकन हटाया गया। इसके साथ ही वहां बनाया गया एक अवैध निर्माण भी ध्वस्त कर दिया गया।
गट क्रमांक 279 में औताडे और माधव वाणी के स्वामित्व वाली जमीन पर की गई कथित अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ भी मनपा ने कार्रवाई की। इस स्थान पर करीब 400 प्लॉटों का सीमांकन जेसीबी से हटाया गया। साथ ही वहां बनाए गए तीन अवैध निर्माणों को भी गिरा दिया गया।
अतिक्रमण विभाग के सनियंत्रण अधिकारी संतोष वाहुले के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। सहायक आयुक्त संजय सुरडकर और उदय मानवतकर के नेतृत्व में मनपा की टीम ने दोनों स्थानों पर कार्रवाई पूरी की। इमारत निरीक्षक रवींद्र देसाई, वाचा सुंदर, राम प्रधान, अशोक कदम और नागरी मित्र दल के कर्मचारियों ने भी अभियान में सहभागिता की।
संतोष वाहुले ने स्पष्ट किया है कि शहर में बिना अनुमति ले-आउट विकसित कर प्लॉट बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। आयुक्त अमोल येडगे के निर्देश के बाद अतिक्रमण विभाग ने अवैध प्लॉटिंग के मामलों में कार्रवाई तेज कर दी है। प्रशासन ने नागरिकों से भी अनधिकृत ले-आउट में प्लॉट खरीदने से पहले संबंधित विभाग से मंजूरी और दस्तावेजों की जांच करने की अपील की है।