

Chhatrapati Sambhajinagar Property Tax Action: संपत्ति कर की बड़ी बकाया राशि जमा नहीं करने वालों के खिलाफ मनपा ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को चलाए गए विशेष अभियान में शहर की 14 संपत्तियों को सील किया गया।
कार्रवाई के दौरान कई संपत्ति मालिकों ने बकाया कर जमा कर दिया। इससे मनपा के खजाने में एक ही दिन में 50.20 लाख रुपये जमा हुए। मनपा ने अब बड़े बकायेदारों के खिलाफ प्रत्येक गुरुवार और शुक्रवार को विशेष कार्रवाई करने का निर्णय लिया है।
मनपा आयुक्त अमोल येडगे के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त कल्पिता पिंपले और उपायुक्त विकास नवाले के मार्गदर्शन में सभी क्षेत्रीय कार्यालयों की टीमों ने यह कार्रवाई की। अलग-अलग क्षेत्रों में बकाया संपत्ति कर वाली संपत्तियों की जांच कर सील लगाने की कार्रवाई की गई।
छत्रपति संभाजीनगर मनपा के विशेष अभियान के तहत शहर के विभिन्न क्षेत्रों में संपत्ति कर के बड़े बकायेदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई। क्षेत्र क्रमांक एक में एक संपत्ति को सील किया गया, जबकि दो संपत्ति मालिकों ने बकाया कर की राशि जमा कराते हुए मनपा को 2.59 लाख रुपये का भुगतान किया।
क्षेत्र क्रमांक दो में दो संपत्तियों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई। वहीं, क्षेत्र क्रमांक चार में चार संपत्तियों को सील किया गया। इसके अलावा क्षेत्र क्रमांक पांच और छह में एक-एक संपत्ति पर कार्रवाई की गई। इन दोनों क्षेत्रों में बकाया कर के रूप में 1.50-1.50 लाख रुपये जमा हुए। मनपा की कार्रवाई से बड़े बकायेदारों में हड़कंप मचा हुआ है।
क्षेत्र सात में एक संपत्ति सील की गई। कार्रवाई के दौरान चार संपत्ति मालिकों ने 12.48 लाख रुपये का बकाया कर जमा किया। क्षेत्र आठ में चार संपत्तियां सील की गईं और एक संपत्ति मालिक से 2.50 लाख रुपये वसूले गए।
मनपा ने बकायेदारों से तत्काल संपत्ति कर जमा करने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बकाया नहीं चुकाने पर संपत्ति सील करने और जब्ती की कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त अमोल येडगे ने नागरिकों से अप्रिय कार्रवाई से बचने के लिए समय पर बकाया कर जमा करने का आह्वान किया है।