Ganesh Visarjan: गणेश विसर्जन को लेकर छत्रपति संभाजीनगर मनपा अलर्ट, गड्ढे-अतिक्रमण हटाने के निर्देश

Ganesh Visarjan Preparation: छत्रपति संभाजीनगर में गणेश विसर्जन को लेकर मनपा ने तैयारियां तेज की हैं। प्रमुख मार्गों की मरम्मत, कृत्रिम तालाब, सफाई, प्रकाश, बैरिकेडिंग और वेबकास्टिंग होगी।
Chhatrapati Sambhajinagar Ganesh Visarjan Route Preparation
मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने तैयारियों की समीक्षा की(फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Sambhajinagar Ganesh Visarjan Route Preparation: गणेशोत्सव के दौरान प्रतिमा विसर्जन के लिए निकलने वाली शोभायात्राओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मनपा ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन मार्गों को गड्ढामुक्त और अतिक्रमणमुक्त रखने के साथ ही प्रकाश व्यवस्था, सफाई, बैरिकेडिंग और यातायात प्रबंधन को समय रहते पूरा करने के निर्देश मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने दिए हैं।

गुरुवार को आयोजित संयुक्त समीक्षा बैठक में उन्होंने गणेशोत्सव की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में 17 सितंबर को होने वाले मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।

सड़कें खोदने वालों पर भी नजर

गणेश विसर्जन के प्रमुख मार्गों पर मौजूद गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश दिए गए हैं। जलापूर्ति अथवा अन्य पाइपलाइन डालने के लिए जिन स्थानों पर सड़कें खोदी गई हैं, उन्हें संबंधित विभाग और ठेकेदारों से तुरंत पहले जैसी स्थिति में लाने को कहा गया है। आयुक्त ने स्पष्ट किया कि विसर्जन शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

विसर्जन मार्गों पर अतिक्रमण हटाने और रास्ते खुले रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। ऐसे में रास्ते में अवरोध पैदा करने वाली सामग्री या अस्थायी अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

कई स्थानों पर बनेंगे कृत्रिम तालाब

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब और विसर्जन कुंड तैयार किए जा रहे हैं। पडेगांव, मिटमिटा, कला हाउसिंग सोसायटी और विद्युत कॉलोनी सहित विभिन्न स्थानों पर कृत्रिम तालाब बनाने की योजना है। भावसिंगपुरा स्थित विसर्जन कुंड से गाद निकालने और आवश्यक कार्य करने के लिए भी व्यवस्था की गई है।

जिला परिषद मैदान स्थित विसर्जन कुंड की सफाई, रंग-रोगन और अन्य आवश्यक कार्य किए जाएंगे। संभाजी पेठ में छोटी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए कृत्रिम तालाब तैयार किया जाएगा। एक, तीन, पांच और सात दिन के गणेश विसर्जन के लिए भी अस्थायी व्यवस्था की जाएगी। आवश्यकता के अनुसार प्रतिमा विसर्जन के लिए कन्वेयर बेल्ट का उपयोग करने की योजना बनाने को कहा गया है।

प्रमुख विसर्जन मार्गों की होगी मरम्मत

संस्थान गणपति से शहागंज, महात्मा गांधी प्रतिमा, सिटी चौक, सुपारी हनुमान मंदिर, गुलमंडी चौक और महात्मा ज्योतिबा फुले चौक होते हुए जिला परिषद मैदान तक के प्रमुख विसर्जन मार्ग पर सड़क मरम्मत और पैचवर्क कराया जाएगा। इस कार्य के लिए करीब 24।97 लाख रुपये की निविदा प्रस्तावित है।

इसी तरह पंचवटी चौक से रेलवे स्टेशन चौक, क्रांति चौक होते हुए संभाजी पेठ तक के मार्ग पर पैचवर्क के लिए 12 लाख रुपये की निविदा प्रक्रिया शुरू की गई है। अन्य विसर्जन मार्गों पर भी आवश्यकतानुसार गड्ढे भरने और सड़क सुधार के कार्य किए जाएंगे।

Chhatrapati Sambhajinagar Ganesh Visarjan Route Preparation
त्योहारी भीड़ से निपटने की तैयारी, मुंबई से निजामुद्दीन के लिए फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें, जानें पूरा शेड्यूल

प्रकाश व्यवस्था और वेबकास्टिंग पर जोर

विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और सुरक्षा के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। शोभायात्रा मार्ग पर बैरिकेडिंग कर यातायात सुचारु रखने की व्यवस्था की जाएगी। विसर्जन प्रक्रिया पर निगरानी रखने के लिए वेबकास्टिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।

मनपा आयुक्त अमोल येडगे ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि गणेशोत्सव शुरू होने से पहले सभी आवश्यक कार्य पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने अधिकारियों से प्रत्यक्ष निरीक्षण कर कमियों को तत्काल दूर करने और सभी विभागों के बीच समन्वय बनाए रखने को कहा। बैठक में अतिरिक्त आयुक्त रणजीत पाटील, कल्पिता पिंपले, शहर अभियंता संजय कोंबडे सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Chhatrapati Sambhajinagar Ganesh Visarjan Route Preparation
नांदेड हादसे में 10 लोगों की दर्दनाक मौत, तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर में वैन के उड़े परखच्चे

मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस की भी तैयारी

बैठक में 17 सितंबर को आयोजित होने वाले मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस के कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने संबंधित विभागों को सभी काम निर्धारित समय में, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

गणेशोत्सव और मराठवाड़ा मुक्ति संग्राम दिवस दोनों महत्वपूर्ण आयोजनों को देखते हुए मनपा प्रशासन ने संबंधित विभागों को समन्वय के साथ काम करने को कहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com