

Chhatrapati Sambhajinagar Municipal Corporation: छत्रपति संभाजीनगर महानगरपालिका में उपायुक्तों के दो नए पद बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए मनपा प्रशासन की ओर से शासन के स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
वर्तमान आकृतिबंध के अनुसार मनपा में उपायुक्तों के छह पद स्वीकृत हैं। इनमें तीन पद मनपा की आस्थापना के और तीन पद शासन प्रतिनियुक्ति के हैं। दो नए पद मंजूर होने पर दोनों श्रेणियों में एक-एक पद की वृद्धि होगी।
बढ़ाए जाने वाले उपायुक्त पदों में से एक पद पर उद्यान अधीक्षक डॉ. विजय पाटील को पदोन्नति देने का प्रस्ताव मनपा प्रशासन ने शासन को भेजा है। अब इस प्रस्ताव पर शासन के निर्णय का इंतजार है। शासन की मंजूरी मिलने के बाद मनपा के प्रशासनिक ढांचे में महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना है।
मनपा में अतिरिक्त आयुक्त के दो पद पहले से स्वीकृत हैं। इनमें से एक पद मनपा आस्थापना का है। हालांकि, इस पद पर कार्य करने का अनुभव रखने वाला अधिकारी मनपा सेवा में उपलब्ध नहीं होने के कारण दोनों पद फिलहाल शासन प्रतिनियुक्ति के अधिकारियों द्वारा संभाले जा रहे हैं। रणजित पाटील और कल्पिता पिंपले वर्तमान में अतिरिक्त आयुक्त के रूप में कार्यरत हैं।