

Amol Yedge Fines On Littering In Sambhajinagar: शहर की बिगड़ती स्वच्छता व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मनपा आयुक्त अमोल येडगे स्वयं सड़क पर उतर आए। सुबह जॉगिंग के दौरान उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकते मिले लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
पहले नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया, उसके बाद नियमों का उल्लंघन करने वालों पर जुर्माना लगाया गया। निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करते मिले मनपा कर्मचारी को भी नोटिस जारी किया गया।
ब्रिजवाड़ी चौक से उत्तरनगरी तथा एमआईडीसी चिकलठाणा क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सड़क पर कचरा फेंकने वाले व्यक्ति के खिलाफ जोन क्रमांक-5 की टीम से क्लीन स्ट्रीट ऐप के माध्यम से 3 हजार रुपये का जुर्माना वसूल कराया। उन्होंने स्पष्ट किया कि आगे भी नियम तोड़ने वालों पर बिना किसी रियायत के कार्रवाई जारी रहेगी।
आयुक्त आयुक्त अमोल ने नागरिकों से गीला, सूखा, घरेलू खतरनाक और सैनिटरी कचरे को अलग-अलग करके ही घंटागाड़ी में देने की अपील की। उन्होंने कहा कि कचरे का सही वर्गीकरण शहर को स्वच्छ बनाए रखने की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है।
निरीक्षण के दौरान मनपा का एक कर्मचारी सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करता मिला। इस पर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को स्वयं अनुशासन का पालन कर नागरिकों के लिए उदाहरण बनना चाहिए।
आयुक्त ने अधिकारियों, कर्मचारियों और जनजागरूकता दल को शहर में शत-प्रतिशत कचरा संकलन एवं वर्गीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फेंकने और 'स्वच्छ, सुंदर और हरित छत्रपति संभाजीनगर' अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की।
– नवभारत लाइव के लिए छत्रपति संभाजीनगर से शफीउल्ला हुसैनी की रिपोर्ट