

Highlights
छत्रपति संभाजीनगर में सूखे के असर और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों से आम परिवारों का रसोई बजट बिगड़ रहा है।
पिछले तीन महीनों में गेहूं की कीमत 1,000 रुपए प्रति क्विंटल बढ़ी है, जबकि बार्शी ज्वार 7,000 से 8,500 रुपए प्रति क्विंटल तक बिक रही है।
हाइब्रिड ज्वार के दाम बढ़कर 3,500 से 4,000 रुपए प्रति क्विंटल और शालू ज्वार के भाव 5,500 से 7,000 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं।
Chhatrapati Sambhajinagar Inflation: सूखे की मार झेल रहे आम नागरिकों का रसोई बजट बिगड़ा हुआ है। गेहूं व ज्वार की कीमतों में भारी बढ़ोतरी हुई है। दाल व चावल के दाम भी तेजी से बढ़े हैं। दिवाली से पहले कीमतों में भारी उछाल ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रोजमर्रा के खाद्य पदार्थ महंगे होने से आम परिवारों के लिए घरेलू बजट संभालना मुश्किल हो रहा है। बार्शी ज्वार का भाव 8,500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गया है, जबकि पिछले तीन महीनों में गेहूं 1,000 रुपए प्रति क्विंटल महंगा हुआ है।
दालों की कीमतों में एक महीने के भीतर 30 प्रश तक वृद्धि दर्ज की गई है। शहर में सबसे अधिक खपत वाले कोलम व काली मूंछ चावल के भाव भी बढ़कर 25 से 28 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। जाधववाड़ी व मोंढा मंडी में गेहूं का स्टॉक कम होने से आने वाले दिनों में कीमतें और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस संभावना को देखते हुए व्यापारी व खुदरा विक्रेता उपलब्ध स्टॉक खरीदने में जुटे हैं।
व्यापारीयों के मुताबिक, ज्वार के भाव में भी प्रति क्विंटल 1,000 से 2,000 रुपए तक बढ़ोतरी हुई है। राजलगांव, पाचोरा और नंदुरबार से हाइब्रिड ज्वार की आवक होती है। दो महीने पहले 2,500 से 3,000 रुपए प्रति क्विंटल बिकने वाली हाइब्रिड ज्वार 3,500 से 4,000 रुपए प्रति क्विंटल पर पहुंच गई।
शालू ज्वार के भाव में 2,500 रुपए की बढ़ोतरी हुई है। अब यह 5,500 से 7,000 रुपए प्रति क्विंटल बिक रही है। वहीं, बार्शी ज्वार के दाम में लगभग 2,000 रुपए की वृद्धि के बाद भाव 7,000 से 8,500 रुपए प्रति क्विंटल तक पहुंच गए हैं। चावल खाने वाले परिवारों का मासिक बजट भी प्रभावित हुआ है।
सूखे की मार से मूंग व उड़द के उत्पादन पर असर पड़ा है। वहीं, मांग बढ़ने के कारण चना दाल सहित अन्य दालों की कीमतों में पिछले एक महीने के दौरान 30 प्रश तक वृद्धि हुई है। बाजार में तूवर दाल 138 से 141 रुपए, चना दाल 95 से 105 रुपए, मसूर दाल 78 से 82 रुपए, मूंग दाल 115 से 120 रुपए, मटकी दाल 125 से 130 रुपए व उड़द दाल 130 से 135 रुपए प्रति किलो की दर से बिक रही है।