मोहाड़ी में गला रेतकर युवक की हत्या, मटन पार्टी बनी विवाद की वजह?

Chandrapur News: चंद्रपुर के मोहाड़ी गांव में 35 वर्षीय राजू सिडाम की गला रेतकर हत्या, पुलिस का मानना है कि अवैध शराब के कारोबार का विवाद हत्या की वजह हो सकता है।
Murder
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Chandrapur Crime News: चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तहसील अंतर्गत मोहाड़ी (नलेश्वर) गांव में 35 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान राजू आनंदराव सिडाम के रूप में हुई है। यह वारदात 18 सितंबर की रात को उसके घर पर हुई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस का मानना है कि हत्या के पीछे अवैध शराब के कारोबार से जुड़ा विवाद कारण हो सकता है।

राजू सिडाम अपनी पत्नी पूनम (30), बेटा मेहरदीप (18) और बेटी वैष्णवी (6) के साथ वरोरा में किराए के मकान में रह रहा था। पत्नी पेट्रोल पंप पर नौकरी करती है और बच्चे पढ़ाई में व्यस्त हैं। बताया जाता है कि राजू की शराब की लत के चलते परिवार को बार-बार मकान बदलना पड़ता था। कुछ दिनों पहले ही राजू पत्नी और बच्चों को वरोरा में छोड़कर मोहाड़ी लौट आया था। गांव आकर उसने अवैध शराब का धंधा शुरू किया, जिससे उसका स्थानीय लोगों से विवाद बढ़ गया था।

पार्टी से खून-खराबे तक

गांव में चर्चा है कि 18 सितंबर की रात राजू ने अपने घर पर मटन पार्टी का आयोजन किया था। उस पार्टी में कुछ लोग शामिल हुए। अगले दिन सुबह उसका शव घर में खून से लथपथ मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमला किया गया था। पुलिस ने घटनास्थल पर पका हुआ खाना और भारी मात्रा में खून पाया। जांच में यह भी सामने आया कि रसोई से लेकर बेडरूम तक खून फैला था। पुलिस का अनुमान है कि राजू पर हमला रसोई में हुआ और बाद में उसे घसीटकर बेडरूम में ले जाया गया।

जांच में जुटी पुलिस

हत्या की जानकारी मिलते ही सिंदेवाही पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के लिए डॉग स्क्वॉड और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट को बुलाया गया। डॉग स्क्वॉड ने आरोपियों के भागने की दिशा की ओर इशारा किया। पुलिस ने उस रात पार्टी में मौजूद लोगों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। मृतक की पत्नी पूनम की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

अवैध धंधे और विवाद की आशंका

पुलिस को संदेह है कि हत्या अवैध शराब के धंधे या पैसों के लेन-देन से उपजे विवाद का नतीजा हो सकती है। सिंदेवाही पुलिस निरीक्षक कांचन पांडे के मार्गदर्शन में मामले की गहन जांच जारी है। फिलहाल पुलिस गांव के संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ कर रही है और जल्द ही हत्यारों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

यह नृशंस वारदात न सिर्फ गांव बल्कि पूरे तहसील क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है, वहीं पुलिस पर जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने का दबाव भी बढ़ गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com