महाराष्ट्र में LPG की किल्लत नहीं! CM देवेंद्र फडणवीस का कांग्रेस पर वार, बोले- अफवाह फैलाकर जनता को डराया

LPG Supply Updates : महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रसोई गैस की कमी की खबरों को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कांग्रेस पर जानबूझकर डर पैदा करने और लंबी कतारें लगवाने का आरोप लगाया।
mumbai-firing-case-rohit-shetty-house-12-arrest-bishnoi-gang
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

CM Devendra Fadnavis On LPG Crisis: महाराष्ट्र में पिछले कुछ दिनों से रसोई गैस (LPG) की किल्लत को लेकर मचे हाहाकार के बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बड़ा बयान दिया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि राज्य में एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। उन्होंने विपक्षी दल कांग्रेस पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस राजनीतिक रोटियां सेंकने के लिए जनता के बीच भ्रम और डर का माहौल पैदा कर रही है, जिसके कारण गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं।

कांग्रेस पर लगाया पैनिक फैलाने का आरोप

सीएम देवेंद्र फडणवीस ने चंद्रपुर में मीडिया से बात करते हुए कहा कि कांग्रेस जानबूझकर यह अफवाह फैला रही है कि गैस की सप्लाई रुकने वाली है। इसी घबराहट की वजह से लोग जरूरत न होने पर भी सिलेंडर बुक कर रहे हैं, जिससे कृत्रिम किल्लत पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि विपक्ष का यह व्यवहार देशहित में नहीं है और इससे आम नागरिकों को बेवजह परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

पश्चिम एशिया संकट और आपूर्ति की स्थिति

हालिया इजराइल-ईरान संघर्ष और लाल सागर में उपजे तनाव के कारण कच्चे तेल और गैस की वैश्विक आपूर्ति पर असर पड़ा है। फडणवीस ने स्वीकार किया कि वैश्विक परिस्थितियों के कारण लॉजिस्टिक्स में कुछ चुनौतियां आई थीं, लेकिन केंद्र सरकार ने समय रहते कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि घरेलू उत्पादन में 30% की वृद्धि की गई है और भारत के पास पर्याप्त स्टॉक मौजूद है।

सरकार ने उठाए सख्त कदम

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि वे गैस एजेंसियों की निगरानी करें और जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। राज्य सरकार ने हर जिले में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में विशेष समितियां बनाई हैं जो गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करेंगी। साथ ही, गैस ले जाने वाले वाहनों को पुलिस सुरक्षा देने के भी निर्देश दिए गए हैं।

विपक्ष कर रहा प्रदर्शन

दूसरी तरफ, कांग्रेस नेता नाना पटोले और विजय वडेट्टीवार ने विधान भवन की सीढ़ियों पर खाली सिलेंडर लेकर प्रदर्शन किया। विपक्ष का आरोप है कि सरकार हकीकत छुपा रही है और आम आदमी को महंगे दामों पर सिलेंडर खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com