ब्रम्हपुरी गणेशोत्सव : सोमनाथ मंदिर और दगडुशेठ हलवाई गणपति की प्रतिकृति बनेगी आकर्षण का केंद्र

Chandrapur News: चंद्रपुर जिले के ब्रम्हपुरी में ‘ब्रम्हपुरीचा महाराजा गणेश उत्सव मंडल’ की ओर से इस बार विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति तैयार की जा रही है।
Ganeshotsav in Bramhapuri Somnath temple and replica of Dagdu Sheth Halwai Ganapati
गणेश प्रतिमा व ब्रम्हपुरी में तैयार हो रहा पंडाल (फोटो नवभारत)
Published on
Updated on

Bramhapuri Ganeshotsav: गणेशोत्सव का पर्व जैसे-जैसे नज़दीक आ रहा है, पूरे देश में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बढ़ता जा रहा है। विदर्भ की शैक्षणिक नगरी ब्रम्हपुरी भी इस उल्लास से अछूती नहीं है। इस वर्ष यहां का गणेशोत्सव विशेष आकर्षणों और सांस्कृतिक विविधताओं के साथ मनाया जाएगा। ‘ब्रम्हपुरीचा महाराजा गणेश उत्सव मंडल’ की ओर से इस बार विश्व प्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर की भव्य प्रतिकृति तैयार की जा रही है, जिससे श्रद्धालु भगवान गणेश के दर्शन के साथ-साथ एक दिव्य तीर्थ अनुभव भी प्राप्त करेंगे।

दगडुशेठ हलवाई गणपति की मूर्ति बनेगी आकर्षण का केंद्र

इस बार पंडाल में मुंबई के प्रसिद्ध दगडुशेठ हलवाई गणपति की 15 फुट ऊंची प्रतिकृति स्थापित की जाएगी। पिछले वर्ष मंडल द्वारा अयोध्या के राम मंदिर की प्रतिकृति सजाई गई थी, जिसे भारी सराहना मिली थी। इस बार की सजावट और मूर्ति की भव्यता श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए एक खास आकर्षण का केंद्र बनेगी।

मेले और मिनी बाजार का आयोजन

गणेश पंडाल के आसपास मिनी बाजार और मेला भी लगाया जाएगा, जिसमें बच्चों और युवाओं के लिए झूले, खेल, मनोरंजन के साधन और सामाजिक जनजागृति से जुड़े आयोजन शामिल होंगे। आयोजकों को उम्मीद है कि इस बार हजारों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आएंगे।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों से सजेगा मंच

गणेशोत्सव के दौरान विविध सांस्कृतिक, सामाजिक और मनोरंजन से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इस उत्सव को खास बनाने के लिए फिल्म और संगीत जगत के नामचीन कलाकार भी शिरकत करेंगे। इसमें सैराट फेम रिंकू राजगुरु, इंडियन आइडल फेम मोहम्मद दानिश सारेगामापा फेम रिया भट्टाचार्य अपनी प्रस्तुतियों से उत्सव की रौनक बढ़ाएंगे।

गणेशोत्सव का पूरा कार्यक्रम

  • 27 अगस्त, शाम 6 बजे: गणेश प्रतिष्ठापना
  • 31 अगस्त, शाम 6 बजे: दही हांडी उत्सव
  • 1 सितम्बर, रात 8 बजे: जागर लोककला
  • 2 सितम्बर, रात 8 बजे: 'संतान' मराठी नाटक
  • 3 सितम्बर: शाम 4 बजे reels प्रतियोगिता, रात 8 बजे डांस महासंग्राम
  • 4 सितम्बर: दोपहर 12 बजे करियर मार्गदर्शन और प्रतियोगी परीक्षा पुस्तक वितरण, रात 8 बजे ‘टाकलेल पोर’ नाटक
  • 5 सितम्बर: दोपहर 12 बजे वाद-विवाद प्रतियोगिता, शाम 7 बजे हाउजी खेल...अभिनेत्री रिंकू राजगुरु की उपस्थिति में और रात 9 बजे 'बर्डमैन' सुमेद वाघमारे का वन्यजीव पर व्याख्यान
  • 6 सितम्बर, रात 8 बजे: मोहम्मद दानिश और रिया भट्टाचार्य का लाइव सिंगिंग शो, रात 11 बजे गोपालकाला
  • 7 सितम्बर, सुबह 9 बजे: ढोल-ताशा पथक के साथ भव्य गणपति विसर्जन यात्रा

सामुदायिक एकता का प्रतीक गणेशोत्सव

ब्रम्हपुरी का गणेशोत्सव इस वर्ष भी श्रद्धा, भक्ति और सांस्कृतिक समृद्धि का अद्वितीय संगम होगा। भव्य सजावट, प्रतिष्ठित कलाकारों की उपस्थिति, सामाजिक सरोकार और जनजागृति के कार्यक्रम इसे केवल एक धार्मिक पर्व ही नहीं, बल्कि सामुदायिक एकता और उत्सवधर्मिता का प्रतीक बनाएंगे। आयोजकों की ओर से श्रद्धालुओं से आग्रह किया गया है कि वे कार्यक्रमों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और गणेशोत्सव को भव्य और यादगार बनाएं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com