आंगनवाड़ी की खिचड़ी के पैकेट में मिली मरी हुई छिपकली।
चंद्रपुर: आइसक्रीम के कोन में इंसान की अंगुली और चिप्स के पैकेट में मेंढक मिलने के बाद ऐसा ही एक और मामला सामने आया है। इस बार पोषण आहार के पैकेट से छिपकली मिली है। इस घटना से महिला के होश उड़ गए। मामले की शिकायत भी की गई।
चंद्रपुर जिले के वरोरा तहसील में 18 किमी दूरी पर शेगांव के पास दादापुर निवासी एक गर्भवती महिला के तब होश उड़ गए, जब उसे आंगनवाड़ी से मिले पोषण आहार के पैकेट में एक छिपकली नजर आयी। इस घटना से गर्भवती महिला और उसका पति सकते में आ गए। इस मामले की शिकायत की गई है।
दादापुर निवासी किरण प्रवीण नन्नावरे गर्भवती है। उसका दो वर्ष का पुत्र प्रियेष प्रवीण नन्नवारे है। आंगनवाड़ी की ओर से दोनों को पोषण आहार दिया गया। जिसमें छिपकली दिखाई देने से नन्नावरे परिवार सकते में आ गया। बताया जाता है कि गत 24 जून को उन्हें 875 ग्राम का उसल (खिचड़ी) का पॉकेट आंगनवाड़ी से मिला था। सोमवार को उन्होंने जब यह पॉकेट खोला तो उसमें एक काले रंग की मृत छिपकली मिली। दादापुर की आंगनवाड़ी की सहायक सेविका को यह जाकर दिखाया। उसने मुख्य सेविका शेगांव को इसकी जानकारी देने को कहा।
8 जुलाई को प्रवीण को मुख्य सेविका का फोन आया। पहले तो उन्होंने टालमटोल जवाब दिए और अंत में इस संदर्भ में आपूर्ति विभाग वरोरा में शिकायत करने को कहा। प्रवीण ने पंचायत समिति वरोरा पहुंचकर बाल विकास प्रकल्प अधिकारी को इस मामले की पूरी जानकारी दी। इस मामले में संबंधित आपूर्ति विभाग साथ ही कर्मचारी वर्ग पर तुरंत कार्रवाई करने का ज्ञापन दिया गया। गर्भवती महिला और छोटे बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार में इस तरह की घटना ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्न निर्माण कर दिया है। अब सभी की निगाहें लगी है कि संबंधित आपूर्ति अधिकारी इस पर क्या कदम उठाते हैं।
बता दें कि इसके पहले मुंबई के मलाड में एक शख्स ने ऑनलाइन आइसक्रीम ऑर्डर की थी। इस आइसक्रीम कोन के अंदर शख्स को इंसान की अंगुली का एक टुकड़ा मिला। इसके बाद शख्स अपने नजदीकी मलाड पुलिस स्टेशन पहुंची और इसके बारे में जानकारी दी।
गुजरात के जामनगर में बालाजी वेफर्स के चिप्स के पैकेट में मरा हुआ मेंढक मिला था। युवक का दावा था कि बेटी दुकान से पर बालाजी वेफर्स का पैकेट लेकर आई थी। वह घर में खा रही थी, तभी चिप्प के बीच में मरा हुआ मेंढ़क दिखा। इस मामले में ताजुब्ब की बात यह है कि वेफर के साथ साथ मेंढक को भी फ्राई किया गया था।