चंद्रपुर मनपा सभापति के चुनाव में कांग्रेस ने पलटी बाजी, 5 में से 4 पदों पर कब्जा, संगीता भोयर बनीं सभापति

Chandrapur Election News: चंद्रपुर महानगरपालिका चुनाव में भाजपा की अंतर्कलह का लाभ उठाते हुए कांग्रेस ने 5 में से 4 महत्वपूर्ण पदों पर जीत दर्ज की। संगीता भोयर महिला एवं बाल कल्याण सभापति चुनी गईं।
Exploiting BJP's internal rift, Congress won 4 out of 5 posts in Chandrapur Municipal elections. Sangita Bhoyar was elected as Chairperson of Women & Child Welfare.
चंद्रपुर मनपा चुनाव संगीता भोयर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrapur Municipal Corporation News: स्थानीय महानगरपालिका में जोन सभापतियों के लिए हुए चुनाव में विपक्षी दल कांग्रेस ने बाजी मारी। इस मनपा में सत्तारूढ़ भाजपा को बहुमत होते हुए भी अंतर्गत गुटबाजी का खामियाजा उठाना पड़ा। शुक्रवार को सभापति एवं उपसभापति के कुल 5 पदों के लिए हुए चुनाव में कांग्रेस 4 पदों पर विजयी रही जबकि भाजपा को केवल एक ही सभापति पद पर जीत हासिल हुई।

स्थानीय महानगरपालिका में जोन सभापतियों तथा महिला एवं बाल कल्याण सभापति, उपसभापति के लिए शुक्रवार को यहां चुनाव लिया गया। इस चुनाव में शहर के तीन में से 2 जोन में बहुमत न होते हुए भी कांग्रेस ने कब्जा जमा लिया।  मनपा में सर्वाधिक रोचक स्थिति महिला एवं बाल विकास समिति सभापति के चुनाव में देखने मिली। इस पद के लिए कांग्रेस की संगीता भोयर और भाजपा की सुनीता जयस्वाल चुनाव मैदान में थीं।

इस पद के लिए कांग्रेस और भाजपा के पास एक समान 6-6 सदस्य थे, जिससे इस पद के लिए ईश्वर चिट्ठी लिए जाने की संभावना जताई जा रही थी, किंतु ऐन चुनाव के वक्त शिंदे शिवसेना की धील्लन केलझरकर सभागार में अनुपस्थित रही, जिससे इस पद पर कांग्रेस की संगीता भोयर 6 वोट लेकर निर्वाचित रही। इस चुनाव में भाजपा की जयस्वाल को 5 वोट प्राप्त हुए। इसी समिति के उपसभापति पद पर कांग्रेस की सईदा बेगम ताजू शेख निर्विरोध निर्वाचित रही।

यही स्थिति जोन सभापति चुनाव में भी देखने को मिली। भाजपा की प्रदेश इकाई की ओर से जोन क्रमांक एक के सभापति पद के लिए भाजपा के रवि लोणकर का नाम घोषित किया। यहां कुल 20 सदस्यों में से भाजपा के 11 और कांग्रेस के 9 सदस्य हैं। यहां भाजपा के लोणकर ने कांग्रेस के अजय बल्की को हराया। जोन क्रमांक 2 में कांग्रेस गठबंधन की वैशाली चंदनखेड़े निर्विरोध विजयी रही।

इस जोन में बहुमत नहीं होने से भाजपा की ज्योति धनराज जीवने ने ऐन वक्त पर अपनी उम्मीदवारी वापस ली थी। भाजपा के अंदरूनी विवाद का असर चंद्रपुर मनपा के जोन क्रमांक 3 के सभापति चुनाव में भी देखने को मिला। इस जोन के कुल सदस्यों की संख्या 23 हैं, जिनमें कांग्रेस गठबंधन के पास 8 और भाजपा गठबंधन के पास कुल 15 सदस्य है।

जीत लगभग तय थी

इस चुनाव में भी भाजपा गठबंधन के प्रत्याशी की जीत निश्चित मानी जा रही थी, किंतु ऐन वक्त पर भाजपा प्रत्याशी जितेश कुलमेथे ने अपना नामांकन वापस लेकर सभी को हैरत में डाल दिया, फलस्वरूप जोन क्रमांक 3 के सभापति पद पर कांग्रेस के रामनरेश यादव निर्विरोध निर्वाचित रहे। ऐन वक्त पर भाजपा प्रत्याशियों की ओर से नामांकन वापस लेने की बात पर भाजपा के पूर्व महानगर जिलाध्यक्ष सुभाष कासगोटटूवार ने बताया कि, पार्टी की प्रदेश इकाई को उन्होंने सभापति पद के अधिकृत प्रत्याशियों के नाम घोषित करने का पत्र दिया था कितु प्रदेश इकाई की ओर से 5 पदों में से सिर्फ 2 पदों पर ही प्रत्याशियों के नाम घोषित किये गए फलस्वरूप अन्य तीन सीटों पर भाजपा प्रत्याशियों ने अपने नामांकन वापस लिए।

विजयी सभापति

  • जोन 1 रविन्द्र लोनकर, भाजपा
  • जोन 2 वैशाली चंदनखेडे,
  • कांग्रेस जोन 3
  • रामनरेश यादव, कांग्रेस
  • महिला एवं बाल कल्याण समिति
  • सभापति संगीता भोयर, कांग्रेस
  • उपसभापति सईदा बेगम, कांग्रेस
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com