Chandrapur Korpana Road Accident News: चंद्रपुर खुशियों भरे माहौल में अचानक मातम छा जाने वाली एक भीषण घटना कोरपना तहसील के चनई बूजखैरगांव मार्ग पर सामने आई है। शादी समारोह से लौट रहे बारातियों की पिकअप के सामने अचानक जंगली सूअरों का झुंड आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों का उपचार चंद्रपुर में जारी है।
घटना सोमवार रात करीब 930 बजे की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हातलोणी गांव के निवासी चोपण में हनुमंत पंधरे के यहां आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने पिकअप वाहन क्रमांक MH 34 CQ 1008 से गए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग रात में वापस अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान चनई बूज से खैरगांव के बीच अचानक जंगली सूअरों का एक बड़ा झुंड सड़क पर आ गया। उन्हें बचाने के प्रयास में चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और पिकअप सड़क के बीचोंबीच पलट गई।
मची चीख पुकार हादसे में कुल 12 लोग घायल हो गए। सूचना मिलते ही कोरपना पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल में भर्ती कराया गया। रात के समय अस्पताल में परिजनों और नागरिकों की भारी भीड़ जमा हो गई।
वन्य प्राणियों के कारण हुए इस हादसे से क्षेत्र में चिंता और दुख का माहौल है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। गंभीर घायलों के नाम इस गंभीर हादसे में विकास लिंगू किनाके 23, विक्रम मेश्राम 20, शिवम कोवे 20, अनुज लिंगू उड़े, रामू हनुमान कोरांगे 22, साक्षी भास्कर किनाके 19 का समावेश है।
कोरपना ग्रामीण अस्पताल में रणवीर देविदास आत्राम 23, जोशना प्रमोद कुमरे 24, प्रांजली शंकर किनाके 19, सौरभ मोतीराव मडावी 19, गणेश संतोष कोवे 17, त्रिशा विठ्ठल गेडाम सभी निवासी हातलोणी का उपचार शुरू है।