चंद्रपुर में इराई नदी पर बनेगा विशाल पुल, राज्य सरकार ने मंजूर किए 18.34 करोड़, ताडोबा राहगीरों को राहत मिलेगी

Chandrapur News: चंद्रपुर के पडोली-भटाली मार्ग पर इराई नदी पर नए पुल और सड़क मरम्मत हेतु 18.34 करोड़ मंजूर। मानसून में जलजमाव से मिलेगी मुक्ति और ताडोबा पर्यटन व स्थानीय व्यापार को मिलेगी नई गति
Maharashtra Govt sanctions ₹18.34Cr for a new bridge over Erai River on Padoli-Bhataali road. This project aims to resolve monsoon connectivity issues and boost local economy.
चंद्रपुर इराई नदी (सोर्स-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrapur Erai River News: चंद्रपुर शहर के पडोली परिसर से छोटा नागपुर होते हुए भटाली की ओर जाने वाले मार्ग पर इराई नदी पर एक बड़े पुल निर्माण को मंजूरी देते हुए राज्य सरकार ने 18.34 करोड़ रुपये मंजूर किए है। इस निधि से इस मार्ग की सड़क की मरम्मत भी की जाएगी। राज्य के लोक निर्माण मंत्री शिवेंद्रराजे भोसले ने इस संदर्भ में एक पत्र जारी कर उपरोक्त निर्णय की जानकारी दी है।

गौरतलब है कि, पडोली से छोटा नागपुर होते हुए भटाली की ओर जाने वाले मार्ग पर इराई नदी पर फिलहाल एक छोटा और संकरा पुल है। नागपुर मार्ग से आने वाले राहगीरों को छोटा नागपुर, भटाली, विचोड़ा, वढोली तथा पदमापुर होते हुए मोहूर्ली और ताडोबा की ओर जाने के लिए यह मार्ग बेहद सुविधाजनक साबित हो सकता है किंतु यह मार्ग बेहद संकरा और दयनीय अवस्था मे होने से राहगीर इस रास्ते से जाना आना टालते है।

साथ ही इस मार्ग पर स्थित इराई नदी पर एक छोटा एवं बेहद कम चौड़ा एक पुल है। यह पुल बरसात के दिनों में अक्सर पानी से घिरा होने से इस मार्ग पर यातायात हमेशा बंद रहता है। इस मार्ग को अधिक चौड़ा बनाकर इराई नदी पर एक बड़ा तथा ऊंचा पुल बनाने की मांग आसपास के गांव के चंद्रपुर नागरिकों की ओर से लगातार की जा रही थी। राज्य सरकार ने अंततः इस मांग को स्वीकार करते हुए मार्ग के मजबूतीकरण और बड़े पुल के निर्माण हेतु 18 करोड़ 34 लाख रुपये मंजूर किए हैं।

पहले मंजूर किए थे 11 करोड़

  • यह भी उल्लेखनीय है कि, इस निर्माण कार्य के लिए सरकार ने पहले 11 करोड़ रुपये मंजूर किये थे, किंतु इस रकम में यह निर्माणकार्य संभव नहीं होने की जानकारी देते हुए लोक निर्माण विभाग ने सरकार के पास संशोधित इस्टीमेट पेश करते हुए यह निधि बढ़ाने का अनुरोध किया था। यह भी गौरतलब है कि, स्थानीय लोगों की तरफ़ से किये जा रहे आग्रह पर विधायक सुधीर मुनगंटीवार राज्य सरकार से निरंतर संपर्क में थे।
  • ग्रामीणों का कहना है कि, इस ब्रिज के बनने और एक्सेस रोड बनने से ग्रामीण इलाके शहर से और अच्छे से जुड़ जाएंगे, और खेती-बाड़ी के सामान के ट्रांसपोर्ट, रोजाना आने-जाने और इमरजेंसी सर्विस के लिए बड़ी राहत मिलेगी। खासकर मानसून के दौरान होने वाली दिक्कतों का पक्का हल निकलेगा। साथ ही पडोली-छोटा नागपुर भटाली रोड पर इस पुल और सड़क प्रोजेक्ट के पूरा होने के बाद इस इलाके के विकास को नई गति मिलेगी, लोकल इकॉनमी को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के मौके भी बनेंगे।
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com