

Highlights:
चंद्रपुर जिला न्यायालय को सोमवार को बेनामी ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली।
ई-मेल में दोपहर करीब 3:15 बजे विस्फोटकों से न्यायालय की इमारत उड़ाने की चेतावनी दी गई थी।
एहतियात के तौर पर न्यायाधीशों, वकीलों, पक्षकारों और कर्मचारियों को न्यायालय परिसर से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
Chandrapur District Court Bomb Threat: चंद्रपुर जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को न्यायालय परिसर में हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति की ओर से भेजे गए बेनामी ई-मेल में दोपहर करीब 3.15 बजे विस्फोटकों के जरिए न्यायालय की इमारत को उड़ाने की चेतावनी दी गई।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही न्यायालय प्रशासन ने पुलिस नियंत्रण कक्ष और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस महकमा तत्काल हरकत में आ गया।
सूचना मिलते ही चंद्रपुर पुलिस की विभिन्न टीमें न्यायालय परिसर में पहुंचीं। एहतियात के तौर पर न्यायाधीशों, वकीलों, पक्षकारों और न्यायालयीन कर्मचारियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद श्वान दस्ते तथा बम खोज एवं नाशक दस्ते ने न्यायालय की पूरी इमारत और परिसर में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। न्यायालय के विभिन्न कक्षों, अंदरूनी हिस्सों और वहां रखी सामग्री की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और सुरक्षा एजेंसियों के कर्मचारी परिसर में तैनात रहे।
अचानक हुई इस कार्रवाई से न्यायालय परिसर में कुछ समय तक भय और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। करीब दो घंटे तक चले तलाशी अभियान के बाद कोई संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं मिलने से पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। जांच पूरी होने के बाद न्यायाधीशों, वकीलों, पक्षकारों और कर्मचारियों को दोबारा न्यायालय परिसर में प्रवेश की अनुमति दी गई।
धमकी भरा ई-मेल किसने और कहा से भेजा, इसे लेकर आगे की जांच महत्वपूर्ण होगी। पुलिस प्रशासन ने बताया कि अब इसे लेकर कडाई से जांच की जाएगी। मौके पर उपविभागिय पुलिस अधिकारी चौगुले, रामनगर की थानेदार प्रभावती एकुरके सहित आला अधिकारी मौजूद थे।
शुरुआत में जब पुलिस टीम वहां बम की संभवनाओं को लेकर अदालत परिसर पहुंची तो कई लोगों को यह मॉक ड्रील ही लगा। परंतु जैसे ही ई-मेल की बात पता चली वैसे ही खलबली मच गयी, लोगों ने पुलिस को पूरी तरह से सहयोग किया, अदालत के वकिल, पक्षकार, जज आदि ने भी स्वयंप्रेरणा से इसकी जांच पडताल में सहयोग किया।