

Chandrapur Development Projects: चंद्रपुर विधानसभा क्षेत्र के लंबित विकास कार्यों को गति देने और नागरिकों की समस्याओं का शीघ्र निपटारा करने के लिए विधायक किशोर जोरगेवार ने जिलाधिकारी कार्यालय के 20 कलमी सभागार में समीक्षा बैठक ली। बैठक में शहर व ग्रामीण क्षेत्र के चल रहे, मंजूर और प्रस्तावित विकास कार्यों की स्थिति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
शहर के बढ़ते विस्तार और यातायात को देखते हुए चंद्रपुर रिंग रोड परियोजना को गति देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा प्रियदर्शिनी चौक से मध्यवर्ती बस स्टैंड रेलवे पुल के चौड़ीकरण तथा नए पुल के निर्माण की भी समीक्षा की गई।
बैठक में रयतवारी कॉलरी से महाकाली कॉलरी क्षेत्र के सड़क चौड़ीकरण तथा बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन-महाकाली कॉलरी-चांदाफोर्ट रेलवे स्टेशन के 3.10 किमी मार्ग के चौड़ीकरण, मजबूतीकरण और सुधार कार्य की भी समीक्षा की गई।
नजूल जमीन के पट्टे वितरण और लंबे समय से लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। विधायक जोरगेवार ने संबंधित अधिकारियों को नियमों के तहत लंबित प्रकरणों का शीघ्र निपटारा करने के निर्देश दिए।
चंद्रपुर के पर्यटन विकास के लिए प्रस्तावित विपश्यना केंद्र, बंद खदानों में ‘माइन टूरिज्म’ और इको-पार्क विकसित करने के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। जोरगेवार ने कहा कि औद्योगिक पहचान के साथ चंद्रपुर को पर्यटन के क्षेत्र में भी नई पहचान दिलाने के लिए ऐतिहासिक, प्राकृतिक और औद्योगिक विरासत का बेहतर उपयोग जरूरी है।
शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात में बाधा बन रहे विद्युत खंभों को हटाने अथवा स्थानांतरित करने के संबंध में भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। यातायात सुचारु रखने के लिए आवश्यक स्थानों पर खंभों का तत्काल स्थानांतरण करने के निर्देश दिए गए।