बहुजन कल्याण विभाग की गड़बड़ियों पर बरसे सुधाकर अड़बाले, बैठक की मांगों की अनदेखी का आरोप

Sudhakar Adbale Statement: चंद्रपुर में बहुजन कल्याण विभाग की गड़बड़ियों को लेकर शिक्षक विधायक सुधाकर अड़बाले ने अधिकारियों पर बैठक की मांगों की अनदेखी और प्रशासनिक अनियमितताओं का आरोप लगाया
Ashram school teachers issue
Sudhakar Adbale statement (सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Chandrapur Bahujan Kalyan Department: विदर्भ माध्यमिक शिक्षक संघ की पहल ‘आपकी समस्या, हमारी पहल’ के तहत प्रांतीय सचिव एवं शिक्षक विधायक सुधाकर अड़बाले के नेतृत्व में अन्य पिछड़ा बहुजन कल्याण विभाग के अंतर्गत नागपुर संभाग में संचालित आश्रम स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए 12 फरवरी को विभागीय उपनिदेशक विजय वाकुलकर के कार्यालय में चर्चा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में संभाग के सभी छह जिलों के सहायक निदेशकों को आमंत्रित किया गया था। 4 जून 2025 के सरकारी निर्णय के अनुसार, विमुक्त जाति एवं भटक्या जनजाति आश्रम स्कूलों के शिक्षकों और कर्मचारियों को वर्ष 2020 से बंद प्रोत्साहन भत्ता की बकाया राशि फरवरी के वेतन में देने की मुख्य मांग रखी गई।

लंबित प्रस्ताव निर्धारित समयसीमा में मंजूर करने के निर्देश

इसके साथ ही पात्र शिक्षकों का एकस्तरीय वेतन निर्धारण प्रस्तुत कर सत्यापन प्रक्रिया शुरू करने, ज्येष्ठता के आधार पर मुख्याध्यापकों की पदोन्नति संबंधी आदेश आठ दिनों के भीतर जारी करने, पात्र मुख्याध्यापकों एवं कर्मचारियों की लंबित अर्जित अवकाश राशि के प्रस्ताव तुरंत मंजूर करने, DCPS धारक शिक्षकों और कर्मचारियों के खाते तैयार करने तथा मृतक कर्मचारियों के परिवारों को पेंशन व अन्य लाभ प्रदान करने की मांग की गई। सेवा सुनिश्चीतता कानून के तहत वरिष्ठ एवं चयन वेतन वर्ग के लंबित प्रस्ताव निर्धारित समयसीमा में मंजूर करने के निर्देश भी विधायक अड़बाले ने अधिकारियों को दिए।

सहायक निदेशक पर गंभीर आरोप

बैठक की शुरुआत में संगठन के पदाधिकारियों ने चंद्रपुर के सहायक निदेशक सचिन मडावी द्वारा संगठन प्रमुखों के संबंध में सोशल मीडिया समूह में की गई आपत्तिजनक पोस्ट पर आपत्ति दर्ज कराई।

विधायक अड़बाले ने 29 अगस्त को हुई बैठक की कार्यवाही (मिनट्स) उपलब्ध न कराने, बैठक की मांगों की अनदेखी करने, शिक्षकों के समायोजन और अन्य प्रशासनिक कार्यों में कथित गड़बड़ी कर शासन को गुमराह करने तथा भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के आरोपों को लेकर उन्हें आड़े हाथों लिया। उन्होंने क्षेत्रीय उपनिदेशक से इन सभी मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।

ये पदाधिकारी रहे उपस्थित

बैठक में संघ के प्रांतीय उपाध्यक्ष रमेश काकड़े, जयप्रकाश धोटे, कोषाध्यक्ष भूषण तलहार, वर्धा जिला कार्यवाहक महेंद्र सालनकर, नागपुर महानगर कार्यवाहक अविनाश बढ़े, नागपुर जिला अध्यक्ष अनिल गोतमारे, जिला कार्यवाहक संजय वारकर, विजय गोमकर, चंद्रपुर जिला अध्यक्ष सुनील शेरकी, जिला कार्यवाहक दीपक धोपटे, चंद्रपुर महानगर कार्यवाहक सुरेंद्र अड़बाले, आश्रम शाला संभागीय सचिव प्रमोद मुनेश्वर, चंद्रपुर जिला अध्यक्ष दिनेश चौधरी, जिला कार्यवाहक किशोर नगराले, राजपाल बोरकर, मंसराम हेमने, अमोल डोंगे सहित समस्याग्रस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com