

Nirmal Ujjwal Cooperative Society: निर्मल उज्ज्वल को-ऑपरेटिव सोसायटी मल्टीस्टेट, नागपुर की बल्लारपुर शाखा के खातेदारों को पिछले तीन-चार महीनों से अपने खातों में जमा राशि निकालने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बार-बार शाखा के चक्कर लगाने के बावजूद संतोषजनक जवाब नहीं मिलने से नाराज खातेदारों ने आखिरकार पुलिस थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। जानकारी के अनुसार, खातेदारों ने निर्मल उज्ज्वल को-ऑपरेटिव सोसायटी, नागपुर (मल्टीस्टेट) के संबंधित पदाधिकारियों के साथ ही बल्लारपुर शाखा के प्रबंधक के खिलाफ पुलिस में शिकायत दी है। इस दौरान बड़ी संख्या में खातेदार और नागरिक पुलिस थाने में मौजूद रहे।
खातेदारों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई और बचत इस संस्था में जमा की है। लेकिन पिछले कुछ महीनों से पैसे निकालने में दिक्कतें आ रही हैं। आरोप है कि राशि की मांग करने पर शाखा की ओर से बार-बार अलग-अलग कारण बताए जा रहे हैं। इससे वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और आम बचतकर्ताओं के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।। आखिरकार बड़ी संख्या में नागरिक एकजुट हुए और संस्था के संबंधित पदाधिकारियों तथा स्थानीय शाखा प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से शिकायत की।
मामले को लेकर बल्लारपुर शहर में चर्चा तेज हो गई है। सैकड़ों खातेदारों ने अपनी जमा राशि सुरक्षित रूप से वापस दिलाने की मांग की है। नागरिकों ने पूरे मामले की गहन जांच कराने, खातेदारों की जमा राशि वापस दिलाने तथा जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।