(फोटो सोर्स सोशल मीडिया)
मुंबई : महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के दौरान सायन-कोलीवाड़ा विधानसभा सीट एक बार फिर सुर्खियों में है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने पार्टी के मजबूत गढ़ को बनाए रखने के लिए पूरी ताकत लगा दी है। इस सीट से भाजपा के विधायक कैप्टन आर. तमिल सेल्वन लगातार दो बार से विजयी रहे हैं और पार्टी ने तीसरी बार भी उन्हें ही मैदान में कांग्रेस के उम्मीदवार गणेश यादव के खिलाफ उतारा है।
अपने चुनाव अभियान के दौरान सेल्वन अपने पिछले एक दशक के कार्यकाल के दौरान किए गए कार्यों को जनता के बीच रखकर उनका आर्शीवाद मांग रहे हैं। उनके अनुसार, सायन-कोलीवाड़ा झुग्गियों में जल माफिया का राज हुआ करता था। नागरिकों को पानी जैसी मूलभूत आवश्यकता के लिए भी माफियाओं को पैसे देने पड़ते थे। उन्होंने इसके खिलाफ लड़ाई लड़ी और 40 हजार लोगों के घरों पर पानी की लाइन का कनेक्शन मुहैया कराया।
उन्होंने कहा, ”सायन अस्पताल में मेरे विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे मुंबई से मरीज आते हैं। लेकिन पिछले 30 वर्षों में इस अस्पताल में सुविधाएं नहीं बढ़ी। इसी के मद्देनजर मैंने 1450 करोड़ रुपए की लागत से 3060 बेड्स की व्यवस्था कराने के लिए इस अस्पताल के विस्तार का काम शुरू कराया है।” इसके अलावा सायन कोलीवाड़ा विधानसभा में मेट्रो लाइन-4 के माध्यम से दक्षिण में कोलाबा और उत्तर में ठाणे को जोड़ने का काम भी उन्होंने एमएमआरडीए के माध्यम से किया है।
महाराष्ट्र राज्य की ताजा खबरों के लिए क्लिक करें
इस विधानसभा क्षेत्र में ट्रैफिक की भी बहुत बड़ी समस्या है। इस समस्या से निजात दिलाने के लिए सेल्वन ने एमएमआरडीए के माध्यम से नए फ्लाईओवर और पेडेस्ट्रियन स्ट्रीट बनाने का भी प्रस्ताव रखा है। इस विधानसभा क्षेत्र में नागरिकों के बीच में सेल्वन अपने सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और जनसेवा के लिए जाने जाते हैं। सेल्वन ने क्षेत्र में अपने कार्यों की बदौलत मजबूत जनाधार तैयार किया है। उन्होंने इस क्षेत्र में इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास, स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी और गरीबों के कल्याण के लिए कई योजनाएं चलाई हैं। जनता के बीच उनकी सक्रियता और जमीन से जुड़े मुद्दों को सुलझाने की शैली ने उन्हें सायन-कोलीवाड़ा के निवासियों के दिलों में एक खास जगह दिलाई है।
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से जुड़ी खबरों के लिए क्लिक करें
आगामी चुनावों को लेकर उपमुख्यमंत्री फडणवीस ने तमिल सेल्वन के प्रचार अभियान में कोई कसर नहीं छोड़ी। सेल्वन के समर्थन में फडणवीस ने यहां स्वयं रैली की है। इस रैली में उपमुख्यमंत्री ने पार्टी के विकास कार्यों और तमिल सेल्वन की उपलब्धियों को जनता के सामने रखा। दूसरी ओर कैप्टन तमिल सेल्वन भी अपनी जीत को लेकर आश्वस्त नजर आ रहे हैं। उनका कहना है कि मुझे मेरी जनता पर पूरा विश्वास है। मैंने हर समय उनकी समस्याओं का समाधान किया है और मुझे उम्मीद है कि वे फिर से मुझ पर भरोसा करेंगे। सायन-कोलीवाड़ा विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला दिलचस्प हो सकता है, लेकिन तमिल सेल्वन की लोकप्रियता और फडणवीस की रणनीति के चलते भाजपा का पलड़ा भारी दिख रहा है।