तुमसर पुलिस की बड़ी सफलता, दुकानफोड़ गिरोह का भंडाफोड़ कर नकदी बरामद

Tumsar Police Action: तुमसर थाना क्षेत्र में देव्हाडी रेलवे स्टेशन और गांधी वार्ड परिसर में हुई 7 दुकानफोड़ियों का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
tumsar seven shop break ins solved two accused arrested
Cash Theft (सोर्सः फाइल फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Tumsar Cash Theft: तुमसर थाना क्षेत्र के देव्हाडी रेलवे स्टेशन और गांधी वार्ड परिसर में हुई सात दुकानफोड़ियों का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने चार दुकानों से नकदी चोरी की थी, जबकि तीन अन्य दुकानों में चोरी का प्रयास किया था। पुलिस के अनुसार, अज्ञात आरोपियों ने देव्हाडी रेलवे स्टेशन के सामने तथा गांधी वार्ड चौक स्थित दुकानों के शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया और गल्लों में रखी नकदी पर हाथ साफ कर दिया।

चायपान की दुकान संचालिका प्रमिला किशन सोनवाने की दुकान से 5 हजार रुपये तथा एक अन्य दुकान से 300 रुपये चोरी किए गए। इसके अलावा साईबाबा उपहारगृह से 1,200 रुपये और कावले ट्रेडर्स से 5 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए गए। इस प्रकार कुल 11,500 रुपये की नकदी चोरी होने की पुष्टि हुई।

चोरी का माल बरामद

घटना की सूचना मिलते ही तुमसर पुलिस सक्रिय हुई और स्थानीय नागरिकों की सहायता से जांच शुरू की गई। पुलिस हवलदार शिवाजी कनोजिया, निखिल बिसने तथा डीबी दल ने घटनास्थल का निरीक्षण कर तकनीकी और स्थानीय सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई की।

पुलिस ने 24 घंटे में सुलझाया चोरी का मामला

जांच के दौरान तुमसर रेलवे स्टेशन परिसर से करन कन्हैया दुर्गा 24, निवासी कामठी, जिला नागपुर तथा एक विधि संघर्षग्रस्त बालक को हिरासत में लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई नकदी भी बरामद कर ली गई है। मामले की जांच सहायक पुलिस निरीक्षक आकाश कुमार साखरे कर रहे हैं। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नुरुल हसन, अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे, सहायक पुलिस अधीक्षक मयंक माधव तथा पुलिस निरीक्षक सुभाष बारसे के मार्गदर्शन में डीबी दल के पुलिस कर्मियों गिरिपुंजे, बावने, दमाहे और इंगाडे ने संयुक्त रूप से की।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com