Bhandara News: बालाघाट रेलखंड पर रेलवे प्रशासन की लापरवाही और अव्यवस्थित ट्रेन कंट्रोलिंग के कारण यात्रियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. नागपुर मंडल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए स्थानीय यात्रियों ने नाराजगी जताई है और स्थिति में तत्काल सुधार की मांग की है. शनिवार को 78814 बालाघाटतुमसर डेमू ट्रेन शाम 520 बजे से गोबरवाही स्टेशन पर लंबे समय तक खड़ी रही, जिससे सैकड़ों यात्री भीषण गर्मी और असुविधा के बीच फंसे रहे.
यात्रियों द्वारा स्टेशन पर पूछताछ करने पर उन्हें बताया गया कि तुमसर से लाइन क्लीयर नहीं मिल रही है. हालांकि, प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इस यात्री ट्रेन से पहले एक मालगाड़ी को तुमसर की ओर रवाना किया गया था, जिसके कारण डेमू ट्रेन को रोकना पड़ा. इस घटनाक्रम ने रेलवे प्रशासन की योजना और समन्वय की कमी को उजागर कर दिया है. यात्रियों का आरोप है कि न तो समय का उचित प्रबंधन किया जा रहा है और न ही यात्रियों की सुविधा का ध्यान रखा जा रहा है. यही स्थिति सुबह के समय भी देखने को मिली, जब रोज़ाना यात्रा करने वाले छात्र, मजदूर और कर्मचारी ट्रेन देरी के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए.
स्थानीय रेल उपभोक्ताओं में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है. उनका कहना है कि एक अनुभवहीन और गैरजिम्मेदार कंट्रोलर पूरे सेक्शन की व्यवस्था को बिगाड़ रहा है. यात्रियों ने मांग की है कि ऐसे अधिकारियों को तत्काल हटाकर प्रशिक्षित और जिम्मेदार कर्मचारियों की नियुक्ति की जाए, ताकि ट्रेन संचालन सुचारू रूप से हो सके. पाइंटर यात्री झेल रहे परेशानी यात्रियों ने यह भी कहा कि रेलवे का मुख्य उद्देश्य जनता को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा प्रदान करना है, लेकिन वर्तमान स्थिति में नागपुर मंडल में यात्रियों को परेशानी ही अधिक झेलनी पड़ रही है.
बारबार इस प्रकार की घटनाएं होने से लोगों का भरोसा भी कमजोर होता जा रहा है. यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो यात्रियों ने आंदोलन और विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी है. उनका कहना है कि जनप्रतिनिधियों को भी इस मुद्दे पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके और रेल सेवा अपने मूल उद्देश्य के अनुरूप संचालित हो सके.