गोबरवाही गांव में हो रही है 5 दिनों से पत्थरबाजी, दहशत फैलने के बाद पुलिस से की मदद की गुहार

Bhandara News: भंडारा के गोबरवाही गांव में रहस्यमयी पत्थरबाजी से दहशत है। अंधेरे का फायदा उठाकर शरारती तत्व पत्थर फेंकते हैं। टॉर्च की रोशनी में रुकती घटना, फिर थोड़ी देर बाद दोबारा शुरू हाे जाती है।
bhandara-gobrawahi-mysterious-stone-pelting-fear
गोबरावाही पुलिस स्टेशन (सोर्स: सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Bhandara Gobrawahi Stone Pelting News: भंडारा जिले की तुमसर तहसील के अंतर्गत आने वाले गोबरवाही गांव में पिछले पांच दिनों से लगातार हो रही रहस्यमयी पत्थरबाजी ने ग्रामीणों को दहशत में डाल दिया है। गांव के पवनारखारी रोड स्थित सावित्री मेमोरियल स्कूल के पास हर रात 8 बजे के बाद ये घटनाएं शुरू हो जाती हैं, जिससे गाँव में डर का माहौल बना हुआ है।

ग्रामीणों का कहना है कि पत्थर फेंकने वाला व्यक्ति अभी तक पकड़ में नहीं आया है। जब भी पत्थरबाज़ी होती है, लोग तुरंत बाहर आकर जाँच करते हैं, लेकिन वह व्यक्ति घना अंधेरा और घरों के पीछे फैले जंगल-झाड़ियों का फायदा उठाकर तुरंत गायब हो जाता है। 11 सितंबर की रात को भी, जब गांव की बिजली गुल थी, पत्थरबाजी हुई। इस घटना के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी है।

टॉर्च की रोशनी आते ही बंद जाती है पत्थरबाजी

लोगों का मानना है कि यह किसी शरारती तत्व की हरकत है, जो अंधेरे का लाभ उठाकर गांव में दहशत फैला रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि जैसे ही रात होती है, लोग भयभीत हो जाते हैं। खास बात यह है कि टॉर्च की रोशनी डालने पर पत्थरबाजी रुक जाती है, लेकिन कुछ देर बाद फिर से शुरू हो जाती है। इस वजह से लोग रात में घरों से बाहर निकलने से भी डरने लगे हैं।

ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द इस रहस्यमयी पत्थरबाज़ को पकड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द ही कोई कार्रवाई नहीं की गई, तो गांव में दहशत और बढ़ जाएगी। लगातार हो रही इस घटना ने गोबरवाही के नागरिकों की नींद उड़ा दी है और वे अब प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की उम्मीद कर रहे हैं। पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com