

Nikhil Kamble Murder Case Solved: साकोली: स्थानीय पुलिस ने फुर्ती दिखाते हुए शुक्रवार सुबह तालाब में मिले युवक के शव के मामले को महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। धारदार हथियार से की गई इस सनसनीखेज हत्या के आरोप में पुलिस ने शनिवार को चार आरोपियों को धर-दबोचा है। यह त्वरित कार्रवाई मृतक के पिता राजकुमार कांबले (निवासी मुरपार/लेंडेझरी) की शिकायत पर की गई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक निखिल राजकुमार कांबले (30) साकोली में एक शराब की दुकान पर काम करता था और यहां किराए के कमरे में रहता था। निखिल के खिलाफ पूर्व में गोंदिया जिले के डुग्गीपार थाने में दुष्कर्म और पोक्सो एक्ट के तहत गंभीर मामला दर्ज था। वह करीब एक महीने पहले ही जमानत पर छूटकर बाहर आया था। 21 मई की शाम निखिल अपने दोस्त गणेश वलथरे के साथ अपने गांव मुरपार गया था। रात करीब 8:30 बजे वह साकोली वापस लौटने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से निकला। कुछ देर बाद उसके पिता के मोबाइल पर एक फोन आया, जिसमें निखिल की आवाज तो नहीं आई लेकिन किसी से बहुत तेज बहस और झगड़ा होने की आवाजें सुनाई दे रही थीं, जिसके बाद कॉल अचानक कट गया। अगले दिन 22 मई की सुबह पुलिस को साकोली शहर के तालाब में निखिल का खून से लथपथ शव बरामद हुआ।
इस अंधे कत्ल और घटना की गंभीरता को देखते हुए उपविभागीय पुलिस अधिकारी शिवम विसापुरे के मार्गदर्शन में पुलिस निरीक्षक तायवाडे, सहायक पुलिस निरीक्षक राजू सालवे और उपनिरीक्षक प्रशांत वडूले की टीम ने तुरंत जांच चक्र घुमाया।
पुलिस टीम ने साकोली और आसपास के सभी प्रमुख मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने रात भर सघन तलाशी अभियान (सर्च ऑपरेशन) चलाया और चारों आरोपियों को अलग-अलग ठिकानों से घेराबंदी कर दबोच लिया। वारदात के मुख्य घटनास्थल से पुलिस ने एक टूटा हुआ मोबाइल फोन भी बरामद किया है, जिसकी जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों से हत्या के मुख्य कारण (मोटिव) को लेकर पूछताछ कर रही है।