

Sakoli Dead Body Found In Pond News: साकोली शहर के गढ़कुंभली रोड परिसर में स्थित तालाब किनारे सुबह एक युवक का लहूलुहान शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक मुरपार लेंडेझरी तहसील सडक अर्जुनी निवासी निखिल राजकुमार कांबले 30 है। मृतक के सीने, गर्दन और सिर पर धारदार हथियार से वार किए जाने के गहरे जख्म मिले हैं। घटनास्थल पर मृतक की मोटरसाइकिल और एक बैग बरामद हुआ है। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि अज्ञात आरोपियों ने बेरहमी से हत्या करने के बाद शव को तालाब किनारे फेंक दिया।
गढ़कुंभली रोड परिसर में स्थित तालाब के पास बने मैदान पर रोज की तरह सुबह कुछ युवक क्रिकेट खेलने गए थे। इसी दौरान उन्हें तालाब के पानी के पास संदिग्ध अवस्था में एक युवक का शव पड़ा हुआ दिखाई दिया। शव पूरी तरह खून से लथपथ होने के कारण युवकों ने तुरंत साकोली पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम को घटनास्थल से मोटरसाइकिल क्र। एमएच 40 के 5099, एक बैग और अन्य सामान मिला, जिससे मृतक की शिनाख्त हो सकी।
पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से हत्या कहीं और की और शव को यहां लाकर फेंक दिया। मृतक व्यक्ति सड़क अर्जुनी तहसील का मृतक निखिल मूल रूप से गोंदिया जिले के सड़क अर्जुनी तहसील का रहने वाला था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से साकोली के पंचशील वार्ड में किराए का कमरा लेकर रह रहा था। वह साकोली की एक वाइन शॉप में काम करता था।
बताया गया है कि वह करीब एक महीने पहले ही एक मामले में जमानत पर बाहर आया था। घटना की रात वह अपने मूल गांव गया हुआ था, जहां परिवार के साथ खाना खाने के बाद रात करीब साढ़े आठ बजे मोटरसाइकिल से साकोली लौटने के लिए निकला था। इसके बाद अगली सुबह उसका शव मिलने से कई तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।
साकोली पुलिस ने फॉरेंसिक टीम और श्वान पथक को मौके पर बुलाया। पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम करवाया। मृतक की कॉल डिटेल, मोबाइल लोकेशन और आखिरी मूवमेंट के आधार पर पुलिस विभिन्न कोणों से जांच कर रही है। घनी आबादी के पास इस तरह की वारदात से नागरिकों में डर का माहौल है। साकोली पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।