Bhandara News: साकोली, सं. तकनीक पर अत्यधिक निर्भरता कभीकभी भारी पड़ सकती है. ऐसा ही एक मामला सोमवार 6 अप्रैल दोपहर साकोली में सामने आया, जब जालना से कोलकाता जा रहा एक भारी मालवाहक ट्रक गूगल मैप के सहारे शहर की संकरी गली में जा घुसा.
इस दौरान ट्रक ने महावितरण का बिजली का खंभा तोड़ दिया, जिससे करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ और पूरे परिसर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई.कोलकाता के लिए निकला था ट्रकजानकारी के अनुसार, जालना से माल लेकर कोलकाता जा रहा डब्ल्यूबी33 एफ 1589 नंबर का ट्रक साकोली फ्लाईओवर के नीचे से गुजर रहा था.
चालक को शहर के एक स्थान तक पहुंचना था, जिसके लिए उसने गूगल मैप का सहारा लिया. मैप के निर्देशों का पालन करते हुए चालक ने मुख्य मार्ग छोड़ दिया और ट्रक को कटकवार मार्केट लाइन होते हुए पंचशील प्रभाग क्रमांक 7 के दुर्गा मंदिर चौक तक ले आया.
दुर्गा मंदिर चौक का रास्ता काफी संकरा होने के बावजूद चालक ने ट्रक आगे बढ़ाने की कोशिश की. इसी दौरान एक मोड़ पर ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे महावितरण के हाईटेंशन बिजली खंभे से टकरा गया. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट का खंभा टूटकर तारों सहित पास के एक घर पर गिर पड़ा.
हालांकि, इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति तुरंत बंद हो गई. घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय नगरसेवक किशोर पोगले मौके पर पहुंचे. जब उन्होंने चालक से पूछताछ की तो चालक ने बताया कि वह गूगल मैप के निर्देशों का पालन करते हुए ही इस गली में पहुंचा.
महावितरण कर्मचारियों द्वारा किए गए पंचनामे के अनुसार, खंभा और तार टूटने से करीब 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ है. नगरसेवक की मध्यस्थता से ट्रक मालिक से संपर्क कर नुकसान की भरपाई को लेकर बातचीत जारी है.