Bhandara District: भंडारा जिले के पवनी तहसील अंतर्गत आमगांव स्थित धान गोदाम में पिछले वर्ष का स्टॉक पड़ा होने के कारण गंभीर अव्यवस्था की स्थिति बन गई है.गोदाम में जगह न होने से करीब 50 ट्रक चावल से भरे बाहर खड़े हैं, जिससे मिलर्स को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है. जानकारी के अनुसार, आमगांव गोदाम से चावल उठाव की जिम्मेदारी बुलढाणा जिले को दी गई है.
हालांकि अब तक उठाव नहीं होने के कारण गोदाम पूरी तरह भर चुका है. परिणामस्वरूप पिछले 15 दिनों से ट्रकों की लंबी कतार लगी हुई है. इसका सीधा असर 53 मिलर्स पर पड़ा है.
मिलर्स के अनुसार, प्रत्येक ट्रक पर प्रतिदिन लगभग 2500 रुपये का नुकसान हो रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है. समस्या की जड़ गोदाम की सीमित क्षमता बताई जा रही है, जो केवल 63 लॉट तक ही सीमित है, जबकि मिलर्स को लगातार ऑनलाइन लॉट आवंटित किए जा रहे हैं.
इसके साथ ही इस वर्ष निजी गोदाम की कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं किए जाने से स्थिति और भी गंभीर हो गई है. इस पूरे मामले ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं.
मिलर्स ने मांग की है कि प्रशासन तत्काल चावल का उठाव शुरू करे और वैकल्पिक गोदाम की व्यवस्था उपलब्ध कराए, अन्यथा नुकसान और बढ़ने की आशंका है.