

100 Percent Voting At Bhandara Gondia MLC Election: भंडारा-गोंदिया स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए गुरुवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। भंडारा के उपविभागीय अधिकारी कार्यालय और साकोली के मतदान केंद्रों पर महायुति और कांग्रेस समर्थित मतदाताओं ने भारी उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
मतदान केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार की राजनीतिक तोड़फोड़ और बगावत को रोकने के लिए राजनीतिक दलों ने विशेष सावधानी बरती। प्रशासन की मुस्तैदी और राजनीतिक दलों की एकजुटता के चलते इस चुनाव में सौ प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।
मतदान के दौरान केंद्रों पर दिग्गज राजनेताओं का जमावड़ा लगा रहा। भंडारा के उपविभागीय अधिकारी कार्यालय में सुबह 9 बजे से ही महायुति उम्मीदवार अविनाश ब्राह्मणकर और भाजपा के वरिष्ठ नेता डेरा डाले थे। इनमें भाजपा जिलाध्यक्ष आशु गोंडाने, पूर्व सांसद सुनील मेंढे, जिला परिषद सदस्य और कई नगरसेवक शामिल थे।
सुबह करीब 11 बजे कांग्रेस की महिला जिलाध्यक्ष जयश्री बोरकर और पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन पंचभाई के नेतृत्व में कांग्रेस से जुड़े मतदाताओं ने आकर वोट डाले। साकोली मतदान केंद्र पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे।
भाजपा विधायक डॉ. परिणय फुके खुद मोर्चा संभाले थे, जबकि नाना पटोले ने भी मतदान केंद्र का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान मतदाताओं पर नजर रखने और किसी भी प्रकार की गड़बड़ी को रोकने के लिए महायुति की ओर से केंद्र के बाहर बाउंसर तैनात किए गए थे। काले गणवेश में मुस्तैद इन बाउंसरों ने सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा। केवल अधिकृत व्यक्तियों को ही मतदान केंद्र परिसर में प्रवेश दिया गया।
भंडारा-गोंदिया स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में चारों केंद्रों पर शत-प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, उपविभागीय अधिकारी कार्यालय भंडारा केंद्र पर कुल 166 मतदाताओं में से सभी 166 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। इसी तरह उपविभागीय अधिकारी कार्यालय साकोली केंद्र पर भी 61 पजीकृत मतदाताओं में से सभी मतदाताओं ने वोट डाले। गोंदिया जिले की बात करें तो जिलाधिकारी कार्यालय गोंदिया केंद्र पर सभी 154 मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग कर 100% मतदान की प्रक्रिया पूर्ण की, जबकि तहसील कायर्यालय सडक अर्जुनी केंद्र पर भी कुल 76 मतदाताओं में से सभी 76 मतदाताओं ने वोट देकर शत-प्रतिशत का रिकॉर्ड बनाया।'
आने वाले 22 जून को मतगणना होगी और वर्तमान समीकरण के अनुसार महायुति के पास 240 से अधिक मत है। स्पष्ट बहुमत होने के कारण महायुति के उम्मीदवार अविनाश ब्राहमणकर की जीत निश्चित मानी जा रही है। हालांकि, दूसरी ओर कांग्रेस को निर्दलीय उम्मीदवार नरेश ईश्वरकर की जीत की उम्मीद है, और कांग्रेस नेताओं की ओर से यह अपेक्षा व्यक्त की जा रही है कि ऐन वक्त पर कोई चमत्कार होगा।
चुनाव की पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्वक संपन्न हुई है। महायुति का वर्चस्व कायम रहता है या कांग्रेस कोई चौकाने वाला परिणाम देती है, यह देखना उत्सुकता का विषय होगा।
साकोली मतदान केंद्र पर सुबह 8 बजे से मतदान की शुरुआत हुई। यहां बड़ी कश्मकश देखने को मिली। यही कारण है कि यहां कुल 61 मतदाता हैं और दोपहर तक सभी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया भंडारा केंद्र पर कुल 166 मतदाताओं में से 12 बजे तक 93.97% मतदान हुआ था, जिसमें 74 पुरुष और 82 महिला मतदाताओं का समावेश था। इसकी तुलना में गोंदिया जिले के सडक-अर्जुनी केंद्र पर 42.1% और गोंदिया शहर में 24.2% मतदान दर्ज किया गया था।