(प्रतीकात्मक तस्वीर)
भंडारा: बिजली गिरने से एक ही दिन तीन लोगों की मौत हो गई। वही 4 महिलाएं घायल हो गई है। भंडारा जिले में आकाशीय बिजली गिरने की दो अलग-अलग घटनाएं हुई है। एक घटना लाखनी तहसील के ग्राम चिचटोला में हुई। वहीं दूसरी घटना मोहाड़ी तहसील के डोंगरगांव में हुई। पहली घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई। दूसरी घटना में दो महिलाओं की मौत हुई और 4 महिलाएं झुलस गई। चिचटोला की घटना में मृत व्यक्त का नाम यादवराव बालाजी दिघोरे(52) है।
जानकारी मिली है कि यादवराव घटना के समय गांव के निकट खेत परिसर में बकरियां चराने के लिए गया था। बकरियों के तालाब परिसर में जाने पर वह उन्हें हांकने के लिए गया। इसी दौरान तेज आवाज के साथ आकाशीय बिजली कड़की और गिर पड़ी। बिजली की चपेट में आने से उसकी घटनास्थल पर मौत हो गई।
दूसरी घटना में खेत में बुआई करने गए मजदूरों पर आकाशीय बिजली गिर गई। इसमें दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि चार महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गईं। यह घटना मोहाड़ी तहसील के डोंगरगांव खेत परिसर में सोमवार दोपहर 3:30 बजे के दौरान हुई। घायल महिलाओं का मोहाड़ी के सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
बारिश होने के बाद इस क्षेत्र के किसानों ने धान की बुआई भी शुरू कर दी है। आंधलगांव से 4 किमी दूर डोंगरगांव खेत परिसर में नाना सेलोकर के खेत में कुछ महिला मजदूर बुआई का कार्य कर रही थीं। इसी बीच अचानक जोरदार बादल गरजने लगे और बिजली चमकने लगी। इसी दौरान बिजली गिरी। इस समय बिजली की चपेट में 6 महिलाएं आ गई। उनमें से दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार आशा सुरेश सोनटक्के और कला तुकाजी गोखले की मौके पर ही मौत हो गई। वह दोनों आंधलगांव की रहने वाली है। इसी घटना में चार महिलाएं घायल हुई। उनमें रुखमा बंडू निमजे, मैना पतिराम सेलोकर (दोनों आंधलगांव निवासी), वंदना मधुकर जिभकाटे तथा निशा जिभकाटे (दोनों डोंगरगांव निवासी) गंभीर रूप से घायल हो गईं। मोहाड़ी के ग्रामीण अस्पताल में चारों को उपचार के लिए भर्ती किया गया है। वहां उनका इलाज चल रहा है।
अपने परिवार को आर्थिक रूप से सहयोग करने के लिए ग्रामीण महिलाएं बरसात के मौसम में बड़ी संख्या में धान बुआई के कार्य में जाती हैं। इस दौरान उन्हें अनेक खतरों का सामना करना पड़ता है। कभी सर्पदंश तो कभी किसी और कारण से उनकी जान पर खतरा बना रहता है। वैसे बिजली गिरने से मौत होने की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है।
पिछले साल जुलाई महीने में भी मोहाड़ी तहसील के निलज खुर्द खेत परिसर में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई थी। इस दौरान तीन महिलाएं घायल हो गई थीं। पिछले साल बिजली गिरने से 7 लोगों की जान चली गई थी। 2013 से 2023 तक 11 सालों में वज्रपात से मौत के मुंह में समाने की सबसे ज्यादा घटनाएं मोहाड़ी तहसील में हुई हैं।