बेटियों के सपनों को मिला सरकारी सहारा, भंडारा की 6,402 बेटियों को मिला लेक लाडकी योजना का लाभ

Bhandara Lek Ladki Yojana Benefits: भंडारा जिले में 'लेक लाडकी' योजना से 6,402 बेटियों को 3.20 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद जारी, 18 साल तक कुल ₹1.01 लाख सहायता का प्रावधान।
Lek Ladki Yojana
लेक लाडकी योजना(सोर्स: गूगल जेमिनी)
Published on
Updated on

Lek Ladki Yojana Maharashtra Installment Details: बेटी के जन्म से लेकर उसकी शिक्षा और 18 वर्ष की उम्र तक आर्थिक सहारा देने के उद्देश्य से महाराष्ट्र सरकार ने 1 अप्रैल 2023 से ‘लेक लाडकी’ योजना शुरू की है। योजना के तहत पात्र बेटियों को कुल 1 लाख 1 हजार रुपए की आर्थिक सहायता पांच चरणों में दी जाती है।

भंडारा जिले में योजना को लेकर अभिभावकों में भी रुचि बढ़ रही है। अब तक 7,874 बेटियां पंजीकृत हो चुकी हैं और इनमें से 6,402 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष आर्थिक सहायता दी जा चुकी है। प्रशासन के अनुसार, जिले में अब तक 3 करोड़ 20 लाख 10 हजार रुपए की राशि वितरित की गई है।

पांच चरणों में मिलती है 1.01 लाख की मदद

योजना की खास बात यह है कि बेटी की उम्र और शिक्षा के विभिन्न पड़ावों पर आर्थिक सहायता सीधे बैंक खाते में जमा की जाती है। जन्म के बाद 5 हजार रुपए, पहली कक्षा में प्रवेश पर 6 हजार रुपए, छठी कक्षा में 7 हजार रुपए, 11वीं कक्षा में 8 हजार रुपए और 18 वर्ष की आयु पूरी होने पर 75 हजार रुपए दिए जाते हैं। इस तरह बेटी की शिक्षा जारी रखने और भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार करने में परिवार को मदद मिलती है।

भंडारा ग्रामीण सबसे आगे

परियोजनानुसार आंकड़ों पर नजर डालें तो भंडारा ग्रामीण क्षेत्र में 1,070 लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ मिला है। इसके बाद मोहाड़ी में 1,033, तुमसर में 911, साकोली में 831, लाखनी में 778, पवनी में 694, भंडारा शहर में 569 और लाखांदूर में 516 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिला है। जिले में फिलहाल 1,174 प्रकरण प्रक्रिया में बताए गए हैं।

ऑनलाइन आवेदन से आसान हुई प्रक्रिया

पात्र अभिभावक सरकार के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आधार आधारित जानकारी के साथ लाभार्थी, माता और पिता की ई-केवाईसी की जाती है। इससे दस्तावेज जमा करने की प्रक्रिया पहले की तुलना में आसान हुई है। खास बात यह है कि अगले चरण की सहायता के लिए दोबारा आवेदन करने की आवश्यकता नहीं होती।

Lek Ladki Yojana
कुडेगांव PHC परिसर में घुसा तेंदुआ, लोगों की भीड देख झाडियों में जा छुपा, ग्रामीणों में मची दहशत

किन बेटियों को मिलेगा लाभ?

1 अप्रैल 2023 या उसके बाद महाराष्ट्र में जन्मी बेटियां योजना के लिए पात्र हैं। परिवार महाराष्ट्र का निवासी होना चाहिए। इसके अलावा पीला या नारंगी राशनकार्ड तथा शासन द्वारा निर्धारित आय और अन्य पात्रता शर्तें पूरी करना जरूरी है। एक परिवार की अधिकतम दो बेटियों को योजना का लाभ मिल सकता है।

भंडारा जिला परिषद के उपमुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय जोल्हे ने पात्र अभिभावकों से योजना के लिए आवेदन कर बेटियों को मिलने वाली इस आर्थिक सहायता का लाभ उठाने की अपील की है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com