ट्रक की टक्कर से ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त, बड़ा हादसा टला,भंडारा महावितरण को 7.10 लाख का नुकसान
लाखनी तहसील में ट्रक की टक्कर से बिजली ट्रांसफॉर्मर क्षतिग्रस्त हुआ, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। महावितरण को 7.10 लाख का नुकसान।
Bhandara News: लाखनी तहसील के मोरगांव मार्ग पर सालेभाटा स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र के पास मंगलवार सुबह एक ट्रक ने बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में दो बिजली ट्रांसफॉर्मर गिर गए, लेकिन सौभाग्य से कोई जनहानि नहीं हुई.जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 730 बजे लाखनी से एकोड़ी की ओर जा रहा सीजी 08 एवी 5094 नंबर का ट्रक चालक के नियंत्रण से बाहर होकर सीधे बिजली के खंभे से टकरा गया.
टक्कर इतनी जोरदार थी कि सीमेंट और लोहे से बने दोनों ट्रांसफॉर्मर का स्ट्रक्चर ढह गया और हाई वोल्टेज बिजली की तारें सड़क पर गिर गईं. सुबह का समय होने के कारण सड़क पर यातायात कम था. वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत यातायात रोक दिया और बिजली विभाग को सूचना दी.
बिजली विभाग के कर्मचारियों ने तुरंत बिजली आपूर्ति बंद कर दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया. इस दुर्घटना में महावितरण को करीब 7.10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है. सालेभाटा उपकेंद्र के सहायक अभियंता प्रतीक शहारे ने मौके का निरीक्षण किया. इस मामले में लाखनी पुलिस थाने में ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है.
