सुबह-सुबह मचा हड़कंप: भंडारा के अड्याल में घरों के पास पेड़ पर चढ़ा भालू, ढाई घंटे बाद रेस्क्यू
Bhandara Bear Incident : पेड़ पर बैठा मिला भालू, ढाई घंटे चला ऑपरेशन; अड्याल में टला बड़ा हादसा
wildlife Rescue Bhandara: महाराष्ट्र के भंडारा जिले में अड्याल क्षेत्र में शनिवार तड़के एक भालू के रिहायशी परिसर में घुस आने से लोगों में अफरातफरी मच गई। प्रशांत करंजेकर के घर के पीछे खेत में स्थित एक पेड़ पर भालू चढ़कर बैठ गया था। हालांकि वन विभाग की तत्परता और समय पर की गई कार्रवाई के कारण भालू को पकड़ लिया गया और संभावित बड़ा हादसा टल गया।
सुबह से शुरू हुआ रोमांच
शनिवार सुबह करीब 6.30 बजे ग्रामवासियों को प्रशांत करंजेकर के घर के पीछे खेत में लगे एक पेड़ पर भालू दिखाई दिया। रिहायशी इलाके के इतने करीब जंगली जानवर के दिखने से पूरे क्षेत्र में डर का माहौल बन गया।
घटना की जानकारी मिलते ही अड्याल के सरपंच शिवशंकर मुंगाटे और उपसरपंच शंकर मानापुरे तुरंत मौके पर पहुंचे और वन विभाग को सूचना दी। इसके बाद भंडारा के उपवनसंरक्षक योगेंद्र सिंह और सहायक वनसंरक्षक सचिन निलक के मार्गदर्शन में अड्याल वन विभाग की टीम तथा भंडारा से आई त्वरित बचाव दल मौके पर पहुंचा।
सम्बंधित ख़बरें
भंडारा: भीषण गर्मी से एक घंटे में जला नया ट्रांसफार्मर; फसलें सूखती देख किसानों का फूटा गुस्सा, विभाग पर सवाल
भंडारा में सरकारी कार्य आवंटन में धांधली पर जिलाधिकारी सख्त, नियम उल्लंघन करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई तय
ताडोबा टाइगर रिजर्व में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, पर्यटकों की संख्या में वृद्धि, अब कैमरा शुल्क भी हुआ खत्म
तुमसर वन विभाग का अनूठा अभियान: बुद्ध पूर्णिमा पर 21 घंटे तक 5 जलस्रोतों पर होगी वन्यजीवों की गणना
ढाई घंटे चला रेस्क्यू अभियान
पेड़ पर बैठे भालू को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारने के लिए वन विभाग की टीम ने सावधानीपूर्वक डॉट शॉट के माध्यम से बेहोश करने वाली दवा का इस्तेमाल किया। भालू के बेहोश होने के बाद पेड़ की डालियां काटकर उसे सुरक्षित नीचे उतारा गया और तुरंत पिंजरे में रखा गया।
सुबह 6.30 बजे से 9 बजे तक करीब ढाई घंटे तक यह रेस्क्यू अभियान चला।
वन विभाग के अनुसार पकड़े गए भालू का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे सुरक्षित उसके प्राकृतिक आवास यानी जंगल में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग की इस सफल कार्रवाई के बाद अड्याल क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली।
