Bhandara News: साकोली तहसील के एकोडी गांव में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे मधुमक्खियों के अचानक हुए भीषण हमले में एक दिव्यांग व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक का नाम बीड/एकोडी लिंबराज बालाजी रहांगडाले 50 है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव के मुख्य चौक, बस स्टैंड और पानी की टंकी के पास अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने लोगों पर हमला कर दिया। यह परिसर काफी व्यस्त रहने के कारण कई लोग इसकी चपेट में आ गए। लिंबराज रहांगडाले शारीरिक रूप से दिव्यांग और कमजोर थे, जिसके चलते वे खुद को बचाने के लिए सुरक्षित स्थान तक नहीं पहुंच सके।
मधुमक्खियों के झुंड ने उन्हें पूरी तरह घेर लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना में तारकेश रघुनाथ कोल्हे भी घायल हुए हैं, जिनका उपचार एकोडी के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। इसके अलावा कुछ अन्य लोगों को भी मधुमक्खियों ने डंक मारा, लेकिन उन्होंने समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचकर बड़ा हादसा टाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा किया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद शोकाकुल माहौल में अंतिम संस्कार किया गया। गांव के व्यस्त परिसर में इस तरह की घटनाएं बारबार होने से नागरिकों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से इस समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।