Gondia Liquor Ban Demand News: तहसील के धोबाटोला ग्राम पंचायत अंतर्गत अरमान बीयर बार एंड रेस्टॉरेंट को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। गांव के सामाजिक माहौल पर प्रतिकूल असर पड़ने का आरोप लगाते हुए बिरसा ब्रिगेड सहित विभिन्न आदिवासी संगठनों ने बार को स्थायी रूप से बंद करने और उसका लाइसेंस रद्द करने की मांग तेज कर दी है।
इस संबंध में मुख्यमंत्री Devendra Fadnavis तथा राज्य उत्पादन शुल्क मंत्री के नाम उपविभागीय अधिकारी कविता गायकवाड़ के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया कि नीलेश मंगलचंद शाहू के स्वामित्व वाला यह बीयर बार पिछले कुछ महीनों से संचालित हो रहा है, जिसका गांव की महिलाओं और अधिकांश ग्रामीणों द्वारा तीव्र विरोध किया जा रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार महीनों से वे शांतिपूर्ण प्रदर्शन, धरना और ज्ञापन के जरिए प्रशासन का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया। इससे गांव में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
आंदोलन के दौरान शराबबंदी की मांग कर रही महिलाओं पर कुछ स्थानों पर लाठीचार्ज किए जाने और उनके खिलाफ मामले दर्ज करने का भी आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में इस कार्रवाई की कड़ी निंदा करते हुए इसे गंभीर बताया गया है। संगठनों का कहना है कि इससे गांव की एकता और शांति प्रभावित हो रही है तथा महिलाओं की सुरक्षा भी खतरे में पड़ सकती है।
ग्रामीणों ने ग्रामसभा के प्रस्ताव और हस्ताक्षरों के साथ प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर बीयर बार का लाइसेंस रद्द करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जिलेभर के आदिवासी संगठनों द्वारा व्यापक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
ज्ञापन की प्रतियां जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और राज्य महिला आयोग को भी भेजी गई हैं।