भंडारा में अलग-अलग हादसों से सनसनी, ट्रेन की चपेट में युवक की मौत, राहगीर गंभीर घायल

Railway Track Death: भंडारा जिले में तीन अलग-अलग घटनाओं ने सनसनी फैला दी। वरठी क्षेत्र में ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौत हो गई, साकोली में एसटी बस की टक्कर से राहगीर गंभीर घायल हुआ।
bhandara train accident st bus hit farmer assault case
Train Accident (सोर्सः फाइल फोटो-सोशल मीडिया)
Updated on

Train Accident Bhandara: वरठी थाना अंतर्गत रेलवे ट्रैक पर 30 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। रविवार तड़के एकलारी से नेरी के बीच रेलवे ट्रैक पर यह शव बरामद हुआ। रेलवे स्टेशन मास्टर की ओर से घटना की जानकारी दिए जाने के बाद वरठी पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया है। पुलिस मृतक की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही है।

एसटी की राहगीर को टक्कर, हालत गंभीर

लाखांदुर मार्ग पर तेज रफ्तार से दौड़ रही एक एसटी बस ने 56 वर्षीय व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी। इस सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। कोका जंगल निवासी आनंदराव काशिराम टेकाम 56 रविवार दोपहर करीब पौने दो बजे सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान साकोली से लाखांदुर की ओर जा रही एसटी बस के चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय नागरिकों ने तत्परता दिखाते हुए घायल आनंदराव को साकोली के उपजिला अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में खुटसावरी निवासी रमेश यादोराव खंडाते की शिकायत पर साकोली पुलिस थाने में आरोपी बस चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है।

किसान के परिवार पर लाठी से हमला

पिछले साल की खेती की बटाई के पैसे मांगने गए एक शख्स और उसके रिश्तेदारों को अपशब्द कहते हुए बेरहमी से पीटने का मामला लाखांदुर तहसील के गुरढा में प्रकाश में आया है। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। गोंडेगांव निवासी प्रमोद हरिभाऊ तितिरमारे 52 रविवार शाम करीब 6 बजे अपने चचेरे भाई चिंतामन तितिरमारे और रिश्तेदार राहुल दोनोडे के साथ गुरढा स्थित आरोपी के घर गए थे।

पुलिस ने शुरू की जांच

वे वहां पिछले वर्ष की खेती की बटाई की बकाया राशि मांगने पहुंचे थे। पैसे मांगने की बात पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और उन्हें गालीगलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसी बहस के दौरान एक महिला आरोपी ने लाठी से प्रमोद के बाएं पैर के घुटने पर तेज प्रहार कर उन्हें गंभीर रूप से चोटिल कर दिया। प्रमोद तितिरमारे की शिकायत पर पालांदुर पुलिस ने बारव्हा निवासी विलास डोकरे 64 और एक महिला आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Navbharat Live
navbharatlive.com