भालू हुआ पिंजरे में कैद, लेकिन बाघ के हमले से युवक की मौत, भंडारा के 11 गांवों में अलर्ट

Tiger Attack In Bhandara: भंडारा जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की दो घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। साकोली तहसील के बाम्हणी गांव में धान कटाई के दौरान बाघ के हमले में युवक की मौत हो गई।
bhandara tiger attack youth death bear captured 11 villages alert
भंडारा में बाघ का हमला(सोर्सः सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • साकोली तहसील के बाम्हणी गांव में 8 नवंबर को धान कटाई के दौरान बाघ के हमले में 27 वर्षीय कुणाल कैलास उइके की मौत हो गई।

  • घटना के बाद वन विभाग ने बाम्हणी समेत लाखनी वनपरिक्षेत्र के 11 गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

  • वन विभाग ने बाघ की तलाश में पिंजरे लगाए हैं। संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ाने के साथ शूटर टीम की मदद भी ली जा रही है।

Maharashtra Human Wildlife Conflict: भंडारा जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष की दो घटनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों में चिंता बढ़ा दी है। साकोली तहसील के बाम्हणी गांव में धान कटाई के दौरान बाघ के हमले में 27 वर्षीय युवक की मौत के बाद वन विभाग ने हमलावर बाघ को पकड़ने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया है।

वहीं, लाखांदुर तहसील के बारव्हा-चिचाल स्थित सरकारी बांस डिपो परिसर में जंगल से भटककर पहुंचे भालू के एक निर्जन मकान में घुसने से दहशत फैल गई। वन विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए भालू को पिंजरे में कैद किया।

किसानों को सुरक्षा मास्क वितरित

वनपरिक्षेत्र अधिकारी लाखनी एन. ए. धनविजय द्वारा जारी सूचना के अनुसार धान कटाई के दौरान किसानों और खेत मजदूरों को सुरक्षा मास्क वितरित किए जाएंगे। इन्हें सिर के पीछे लगाया जाएगा, ताकि पीछे से होने वाले बाघ के हमले से बचाव हो सके। वन विभाग ने किसानों से समूह में खेती करने, अकेले खेतों में नहीं जाने और लगातार आवाज करते रहने की अपील की है। वन्यजीव दिखाई देने पर तत्काल विभाग को सूचना देने का आग्रह किया गया है।

bhandara tiger attack youth death bear captured 11 villages alert
25% अतिरिक्त मुआवजे की उम्मीद, नासिक रिंग रोड प्रभावित किसानों की मांगों पर सकारात्मक पहल

बाघ प्रभावित 11 गांवों में सतर्कता

साकोली तहसील के बाम्हणी गांव में धान कटाई के दौरान बाघ के हमले में 27 वर्षीय कुणाल कैलास उइके की मौत के बाद वन विभाग ने हमलावर बाघ को पकड़ने के लिए युद्धस्तर पर अभियान शुरू किया गया है। भंडारा वन विभाग और लाखनी वनपरिक्षेत्र कार्यालय की ओर से बाघ की तलाश में पिंजरे लगाए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने के साथ शूटर टीम की मदद भी ली जा रही है।

वन विभाग के अनुसार, 8 नवंबर को दोपहर करीब 1.30 बजे कुणाल अपने माता-पिता के साथ खेत में धान की कटाई कर रहे थे। इसी दौरान बाघ ने उन पर हमला कर दिया, जिसमें उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के गांवों में दहशत है। लाखनी वनपरिक्षेत्र के अंतर्गत बाम्हणी सहित 11 गांवों में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

bhandara tiger attack youth death bear captured 11 villages alert
छत्रपति संभाजीनगर: सूखे व महंगाई से पटाखा कारोबार फीका; 8 करोड़ की बिक्री, 4 करोड़ का माल दुकानों में अटका

आपातकालीन संपर्क नंबर जारी

वन विभाग ने नागरिकों की सहायता के लिए चिट रक्षक एन. एन. लटपटे (मुंडीपार) का मोबाइल नंबर 8975576706, वन हेल्पलाइन टोल फ्री नंबर 1926 तथा भंडारा वन विभाग नियंत्रण कक्ष का नंबर 07186-252283 जारी किया है। वन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सुरक्षा के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें और बाध को पकड़ने के अभियान में विभाग को सहयोग करें।