भंडारा में प्रशासन का कड़ा एक्शन: रेत तस्कर रोहित मारवाडे पर लगा MPDA, अब सलाखों के पीछे कटेगी रातें
Bhandara News: भंडारा के खमारी क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन और गुंडागर्दी के पर्याय बने रोहित मारवाडे पर जिलाधिकारी ने MPDA के तहत कड़ी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेजने का आदेश दिया है।
Bhandara Sand Smuggling Case: भंडारा जिले में अवैध रेत उत्खनन और वैनगंगा नदी के तटों पर अपनी दहशत कायम करने वाले अपराधियों के खिलाफ प्रशासन ने अब ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति अपना ली है। इसी कड़ी में खमारी/बुटी निवासी कुख्यात रेत तस्कर रोहित दिलीप मारवाडे (22) के खिलाफ महाराष्ट्र खतरनाक गतिविधि रोकथाम अधिनियम (MPDA) के तहत बड़ी कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी सावन कुमार ने 17 मार्च को इस संबंध में आदेश जारी कर आरोपी को तत्काल भंडारा जिला कारागृह भेजने का निर्देश दिया।
वैनगंगा की छाती चीरकर बना रहा था अवैध साम्राज्य
जांच में सामने आया है कि रोहित मारवाडे वर्ष 2024 से खमारी बुटी, बेलगांव और मांडवी क्षेत्र में वैनगंगा नदी के पात्र से अवैध रूप से रेत निकाल रहा था। वह केवल रेत की चोरी ही नहीं कर रहा था, बल्कि इस अवैध कारोबार के बल पर उसने स्थानीय ग्रामीणों और मजदूरों के बीच भारी दहशत पैदा कर दी थी। उसके खिलाफ कारधा पुलिस स्टेशन में रेत चोरी और सार्वजनिक व्यवस्था को नुकसान पहुँचाने के कई संगीन मामले दर्ज हैं।
सुधार के बजाय बढ़ती गई आपराधिक गतिविधियां
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, रोहित पर पहले भी कई प्रतिबंधात्मक कार्रवाइयां की गई थीं, लेकिन उसके व्यवहार में कोई सुधार नहीं आया। पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन ने मामले की गंभीरता को देखते हुए उसके खिलाफ एमपीडीए का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए थे। पुलिस का मानना था कि रोहित की गतिविधियां सार्वजनिक व्यवस्था और पर्यावरण के लिए एक बड़ा खतरा बन चुकी थीं।
सम्बंधित ख़बरें
नागपुर हत्या केस: कलमना थाना क्षेत्र में लव ट्रायंगल के चलते 17 वर्षीय किशोर की हत्या, 3 नाबालिग हिरासत में
सावधान महाराष्ट्र! अगले 48 घंटे भारी, बिजली की कड़कड़ाहट के साथ ओले गिरने की चेतावनी, जाने आज का मौसम
महाराष्ट्र में कुदरत का डबल अटैक, कहीं आग उगल रहा सूरज, कहीं बेमौसम बारिश का तांडव, पेड़ गिरे, फसलें बर्बाद
जन गण मन हमारा मान, पर वंदे मातरम की अनिवार्यता असंवैधानिक, वारिस पठान ने केंद्र के फैसले पर उठाए सवाल
टीम वर्क से हुई कार्रवाई
जिलाधिकारी सावन कुमार ने पुलिस के प्रस्ताव पर मुहर लगाते हुए आरोपी की स्थानबद्धता (डिटेंशन) का आदेश दिया। यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक नूरुल हसन, अपर पुलिस अधीक्षक निलेश मोरे और एसडीपीओ विलास काले के मार्गदर्शन में की गई। इस ऑपरेशन को सफल बनाने में स्थानीय अपराध शाखा (LCB) के निरीक्षक नितिनकुमार चिंचोलकर और कारधा थाना प्रभारी गोकुल सूर्यवंशी की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस कार्रवाई से जिले के अन्य रेत माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
