

Bhandara Crime News: अवैध जुआ, सट्टा और देशीविदेशी शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस प्रशासन ने एक अभियान छेड़ रख है। स्थानीय थाना प्रभारियों और पुलिस हवलदारों की ओर से की गई इस कार्रवाई में कुल 26,175 रुपये का माल जब्त किया गया है। पुलिस ने अलगअलग मामलों में आठ आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर उन्हें हिरासत में लिया है।
जवाहरनगर पुलिस थाना क्षेत्र के गोवरी निवासी मियाराम गिल्हारे को कल्याण नामक मटका जुआ के आंकड़े लिखते हुए पकड़ा गया, जिसके पास से सट्टा पट्टी, पेन और नगदी सहित 1,395 रुपये का माल मिला। वहीं आंधलगांव पुलिस ने जांब के आंबेडकर वार्ड निवासी प्रेमेंद्र मिलिंद भोतमांगे को मटका खेलते पकड़ा और उसके पास से 215 रुपये का माल जब्त किया।
दूसरी ओर, अवैध शराब के खिलाफ कारधा, जवाहरनगर, आंधलगांव, गोबरवाही और अड्याल पुलिस ने कई ठिकानों पर छापेमारी कर कुल 25,465 रुपये की शराब बरामद की है। इसमें सबसे बड़ी कार्रवाई जवाहरनगर पुलिस ने की, जहां तकिया वार्ड निवासी नंदराज घनश्याम वावधने और शहापुर निवासी शशिकांत रामराय राजुरकर को अंग्रेजी व देशी शराब की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया। इनके पास से विभिन्न ब्रांड की इकसठ बोतलें अंग्रेजी शराब, उन्नीस पव्वे देशी शराब और ग्यारह बोतल बीयर सहित कुल 16,665 रुपये का माल जब्त हुआ।
इसके अलावा कारधा पुलिस ने टेकेपार पुनर्वसन से दलीत ईश्वर घरडे से 4 हजार रुपये की बीस लीटर हाथभट्टी शराब जब्त की। आंधलगांव पुलिस ने खुशाल हेडाऊ और हेमराज पुसाम से क्रमशः पांचपांच लीटर महुआ शराब बरामद की। गोबरवाही पुलिस ने चिखला निवासी सुरेश उईके से एक हजार रुपये की महुआ शराब तथा अड्याल पुलिस ने भावड निवासी रतन खोब्रागडे से नौ सौ रुपये की देशी शराब जब्त कर आरोपियों पर शिकंजा कसा है।